जामा मस्जिद हमला: IM के शीर्ष लोगों पर आरोपपत्र दर्ज

जामा मस्जिद हमला: IM के शीर्ष लोगों पर आरोपपत्र दर्ज

जामा मस्जिद हमला: IM के शीर्ष लोगों पर आरोपपत्र दर्ज  नई दिल्ली : सितंबर 2010 के जामा मस्जिद आतंकवादी हमले के सिलसिले में दिल्ली पुलिस ने इंडियन मुजाहिदीन (आईएम) के सह संस्थापक यासिन भटकल और उसके सहयोगी असादुल्ला अख्तर के खिलाफ शनिवार को आरोपपत्र दाखिल किया। इस हमले में दो ताईवानी पर्यटक गोली लगने से घायल हो गए थे।

दिल्ली पुलिस के विशेष प्रकोष्ठ ने आईएम के दो शीर्ष सदस्यों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत अपनी आखिरी रिपोर्ट अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश दया प्रकाश के समक्ष दाखिल कर दी है। इन धाराओं में 307 (हत्या का प्रयास), 120 बी (आपराधिक साजिश) और गैर कानूनी गतिविधि (निवारण) अधिनियम एवं हथियार अधिनियम शामिल है।

पुलिस ने आरोपपत्र में दावा किया है कि दिल्ली में 2010 के राष्ट्रमंडल खेल से ठीक पहले आईएम का भारतीय प्रमुख यासिन भटकल पाकिस्तान स्थित आकाओं के हाथों खेल रहा था। पुलिस ने कहा है कि हमले की साजिश इस खेल में विदेशी राष्ट्रों की भागीदारी रोकने और भारत की छवि एक कमजोर एवं अशांत राष्ट्र के रूप में दिखाने के लिए की गई थी।

पुलिस ने बताया कि साजिश के तहत यासिन ने एक कार्बाइन और एक पिस्तौल हासिल की थी तथा उसकी शुरूआती योजना यहां पहाड़गंज में जर्मन बेकरी को निशाना बनाने की थी। इसने यह भी कहा है कि 2010 के मध्य में आरोपी कतील सिद्दिकी ने दुर्घटनावश चली गोली में खुद को घायल कर लिया था। पुणे की यरवदा जेल में 2012 में रहस्मय परिस्थितियों में उसकी मौत हो गई थी।

इसने बताया कि इसके बाद भटकल की योजना जामा मस्जिद में आतंकवादी हमला करने की थी। 19 सितंबर 2010 को आईएम के सदस्यों ने मस्जिद के द्वार संख्या 3 के पास पर्यटकों की एक बस पर गोलीबारी की।
भटकल ने जामा मस्जिद के बाहर एक कार में एक प्रेशर कुकर आईईडी भी रखी थी और गोलीबारी की घटना के बाद एक विस्फोट भी हुआ था। अदालत ने अब आरोपपत्र की जांच के लिए 30 अप्रैल की तारीख तय की है।

पुलिस ने अदालत को बताया कि 19 सितंबर 2010 को दो बाइक सवारों ने पुरानी दिल्ली के जामा मस्जिद के द्वार पर पर्यटकों पर गोलीबारी की थी, जिसमें दो ताईवानी गोली लगने से घायल हो गए थे। भटकल और अख्तर को राष्ट्रीय जांच एजेंसी ने भारत नेपाल सीमा से पिछले साल 28 अगस्त को गिरफ्तार किया था। भारत में कई आतंकवादी हमलों में भूमिका निभाने के सिलसिले में ये लोग वांछित थे। (एजेंसी)

First Published: Saturday, April 19, 2014, 19:01

comments powered by Disqus