Last Updated: Saturday, June 7, 2014, 23:53
पटना : हाल में संपन्न लोकसभा चुनाव में बिहार में राजग के बेहतर प्रदर्शन से उत्साहित केंद्रीय मंत्री उपेंद्र कुशवाहा ने आज कहा कि जदयू, राजद और कांग्रेस दोबारा साथ मिलकर अगले वर्ष होने वाले विधानसभा चुनाव में कोई अजूबा नहीं कर दिखाएंगी।
मोदी सरकार में ग्रामीण विकास, पंचायती राज और पेयजल और स्वच्छता राज्य मंत्री बनाए जाने के बाद पहली बार पटना पहुंचे कुशवाहा से अगले वर्ष बिहार विधानसभा चुनाव में जदयू, राजद और कांग्रेस के एक साथ होने की चर्चा के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि गणित के अनुसार शून्य में शून्य को जोड़ने पर योग शून्य ही आता है।
भाजपा के घटक दल राष्ट्रीय लोक समता पार्टी के प्रमुख हाल में संपन्न लोकसभा चुनाव में बिहार के काराकाट संसदीय सीट से विजयी रहे कुशवाहा ने कहा कि हाल में संपन्न लोकसभा चुनाव में बिहार की जनता ने उन्हें नकार दिया है। इसलिए अगले वर्ष होने वाले बिहार विधानसभा चुनाव में उनका राजग को परास्त करने के लिए एक होने का कोई असर नहीं पडेगा।
राष्ट्रीय लोक समता पार्टी ने बिहार की कुल 40 लोकसभा सीटों पर आपसी तालमेल के जरिए भाजपा और लोजपा के साथ मिलकर कुल तीन सीटों अपने उम्मीदवार खड़े किए थे जिसमें से राजग ने 31 सीटों पर विजय हासिल की थी।
कुशवाहा ने प्रदेश की जीतन राम मांझी सरकार के विस्तार के तहत 14 नए मंत्रियों के शामिल किए जाने से जदयू के बागी रुख अख्तियार करने वाले एमएलए और एमएलसी के प्रति सहानुभूति जताते हुए कहा कि उन्होंने जदयू छोड़ने के समय नीतीश के बारे में कहा था। वे तानाशाह की तरह व्यवहार कर रहे हैं जो आज ये विधायक कह रहे हैं। मंत्री बनने पर पहली बार बिहार आने पर गर्मजोशी भरा स्वागत होने से उत्साहित कुशवाहा ने विश्वास व्यक्त किया कि राजग लोकसभा में अपनी इस जीत के सिलसिले को आने वाले विधानसभा चुनाव में भी बरकार रखेगी। उन्होंने कहा कि दिल्ली का जंग जीत ली है अब बिहार का जंग जीतना है।
यह पूछे जाने पर कि क्या वे बिहार में मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवारों में से एक हैं, कुशवाहा ने इससे इनकार करते हुए कहा कि उनका सरोकार केवल बिहार में कुशासन को समाप्त करना है और अगले विधानसभा चुनाव के बाद प्रदेश में राजग की लोकप्रिय सरकार बनाना है। पटना पहुंचने पर उपेंद्र कुशवाहा ने सबसे पहले अन्य पिछडा वर्ग के समाजसेवी जगदेव प्रसाद की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।
First Published: Saturday, June 7, 2014, 23:53