Last Updated: Friday, February 7, 2014, 15:37
ज़ी मीडिया ब्यूरो नई दिल्ली : दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल शुक्रवार को बिजली कंपनियों पर जमकर बरसे। केजरीवाल ने आज बुराड़ी में हुए ऑटो वालों की महासभा में बिजली कंपनियों को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि अगर इन्होंने दिल्ली को बिजली नहीं दी तो इन्हें दिल्ली से भगा दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि दिल्ली में दो बिजली कंपनियां हैं। एक टाटा और एक अनिल अंबानी की। टाटा की कंपनी गड़बड़ नहीं करती है। अनिल अंबानी की कंपनी चोरी करती है। इन्होंने एनटीपीसी को बकाया राशि का भुगतान नहीं किया है। जब दिल्ली की जनता तो बिल दे रही है, तो पैसे कहां गए। साफ है कि हमारी सरकार को बदनाम करने के लिए इस कंपनी ने बकाया मद के पैसे नहीं दिए।
केजरीवाल ने जनलोकपाल बिल को लेकर केंद्र सरकार, कांग्रेस और बीजेपी पर जमकर हमला बोला। पूरे देश के भ्रष्टाचारी एक साथ हो गए हैं। 13 फरवरी को दिल्ली विधानसभा का सत्र बुलाया गया है। उस दिन हम जनलोकपाल पास करेंगे। उन्होंने कहा कि अगर कोई भ्रष्टाचार करे तो लोकपाल को जाकर शिकायत कर देना। उसे छह महीने के अंदर जेल हो जाएगी। अगर कल मैं भी भ्रष्टाचार करूं तो मेरा नाम भी देना।
केजरीवाल संविधान के खिलाफ काम नहीं कर रहा है। केजरीवाल भ्रष्टाचारियों को जेल भेजने का काम कर रहा है। इसलिए पूरे देश के भ्रष्टाचारी एकजुट हो गए हैं। कुछ कंपनियां और मीडिया के लोग भी इनके साथ मिले हैं। इस देश की जनता एक दिन इनको सबक सिखाएगी। केजरीवाल ने ऑटो वालों को नसीहत दी कि वे सवारियों से बदतमीजी न करें और न ही ओवर चार्ज करें। दिल्ली की जनता और आप लोग मिल के ऑटो सेक्टर को सुधारेंगे। सरकार ने साढ़े पांच हज़ार ऑटो परमिट जारी किए हैं। अब दिल्ली के ऑटो एनसीआर भी जाते हैं।
First Published: Friday, February 7, 2014, 15:37