केजरीवाल 10 दिन तक प्रदर्शन के लिए तैयार

केजरीवाल 10 दिन तक प्रदर्शन के लिए तैयार

नई दिल्ली : मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शुक्रवार को कहा कि वह 10 दिनों तक प्रदर्शन के लिए तैयार हैं। इसके साथ ही उन्होंने पांच पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर किए जा रहे प्रदर्शन में ईमानदार पुलिसकर्मियों और जनता से आगे आने की अपील की।

उन्होंने नई दिल्ली में सैकड़ों समर्थकों से कहा कि हम 10 दिनों के प्रदर्शन की तैयारी के साथ आए हैं। अगर गणतंत्र दिवस के दौरान कोई हंगामा होता है, तब केंद्र सरकार को दोषी ठहराया जाएगा। धारा-144 लागू होने की वजह से केजरीवाल को केंद्रीय गृह मंत्रालय की तरफ जाने से रोका गया। केजरीवाल और उनके मंत्री कार से नीचे उतर गए और उन्होंने रेल भवन के बाहर प्रदर्शन शुरू किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमने पहले भी लोगों को प्रदर्शन में हमारे साथ न आने की ट्विट की थी। अब हम आपसे इसमें शामिल होने का आह्वान करते हैं। मैं ईमानदार पुलिसकर्मियों को छुट्टी लेकर हमारा साथ देने और न्याय के लिए लड़ने की अपील कर रहा हूं। केजरीवाल ने कहा कि युगांडा उच्चायोग की महिला प्रतिनिधि ने दिल्ली के कानून मंत्री सोमनाथ भारती को पत्र लिख कर देह व्यापार और मादक पदार्थो के तस्करों के खिलाफ कार्रवाई के लिए उनका आभार जताया है।

केजरीवाल ने कहा कि उन्होंने शुक्रवार को हमें कार्रवाई के लिए शुक्रिया कहा है। उन्होंने कहा कि युगांडा से कई महिलाओं को काम देने के नाम पर लाया जाता है और उन्हें देह व्यापार में झोंक दिया जाता है। मुख्यमंत्री ने कांग्रेस, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और कुछ मीडिया संस्थानों को भारती की आलोचना करने के लिए फटकार लगाया है।

केजरीवाल ने कहा कि हां, मैं एक अराजकतावादी हूं और मैं इस अराजकता को गृह मंत्रालय तक ले जाउंगा। जांच काफी नहीं है, दिल्ली पुलिस को जवाबदेह होना होगा। (एजेंसी)

First Published: Monday, January 20, 2014, 15:36

comments powered by Disqus