दिल्ली के भावी सीएम अरविंद केजरीवाल आज अपने कैबिनेट का ऐलान कर सकते हैं

दिल्ली के भावी सीएम अरविंद केजरीवाल आज अपने कैबिनेट का ऐलान कर सकते हैं

दिल्ली के भावी सीएम अरविंद केजरीवाल आज अपने कैबिनेट का ऐलान कर सकते हैंनई दिल्ली: आम आदमी पार्टी (आप) के नेता और संयोजक अरविंद केजरीवाल आज अपने कैबिनेट की घोषणा कर सकते हैं। आप की ओर से प्रस्तावित मंत्रियों में मनीष सिसोदिया, सौरभ भारद्वाज, सोमनाथ भारती, राखी बिड़ला, सत्येंद्र जैन और गिरीश सोनी के नाम शामिल हैं। अब देखना यह है कि किस मंत्री को केजरीवाल कौन सा विभाग सौंपते हैं।

अरविंद केजरीवाल शनिवार को रामलीला मैदान में दिल्ली के सातवें मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ लेंगे। सामाजिक कार्यकर्ता से नेता बने 45 वर्षीय अरविद केजरीवाल शनिवार को रामलीला मैदान में दोपहर 12 बजे एक समारोह में शपथ ग्रहण करेंगे। इसके साथ ही छह अन्य विधायक भी मंत्री पद की शपथ लेंगे। उन्हें संभवत: तीन जनवरी तक बहुमत साबित करने को कहा जाएगा। राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने कांग्रेस पार्टी के समर्थन से दिल्ली में आम आदमी पार्टी (आप) के सरकार गठन की मंजूरी दे दी है। दिल्ली सचिवालय से जारी बयान के अनुसार कि राष्ट्रपति का निर्देश है कि केजरीवाल को सात दिनों के भीतर सदन पटल पर बहुमत साबित करने के लिए कहा जा सकता है।

मैगसेसे पुरस्कार विजेता केजरीवाल ने पिछले 15 वर्षो से लगातार मुख्यमंत्री रहीं शीला दीक्षित को नई दिल्ली विधानसभा क्षेत्र में 25 हजार से अधिक मतों के अंतर से पराजित किया। हरियाणा में जन्मे और वर्तमान में कौशांबी में निवास कर रहे केजरीवाल ने मुख्यमंत्री को मिलने वाले जेड-प्लस श्रेणी की सुरक्षा और सरकारी आवास लेने से इंकार कर दिया है। वह आईआईटी खगड़पुर से स्नातक हैं। इस बीच आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक, केंद्रीय गृह मंत्रालय को दिल्ली में आप की सरकार गठन के संबंध में राष्ट्रपति की औपचारिक मंजूरी मिल गई है जिसे उपराज्यपाल नजीब जंग को भेज दिया गया है।

गौर हो कि आप ने 70 सदस्यीय दिल्ली विधानसभा में 28 सीटें जीती है और वह कांग्रेस के समर्थन से सरकार बनाने जा रही है। कांग्रेस ने आठ सीटों पर जीत दर्ज कराई है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) 31 सीटें जीत कर सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरी है, लेकिन बहुमत न होने के कारण उसने सरकार बनाने से इंकार कर दिया। (एजेंसी)

First Published: Thursday, December 26, 2013, 08:40

comments powered by Disqus