Last Updated: Thursday, May 29, 2014, 10:17
ज़ी मीडिया ब्यूरो मुम्बई : महाराष्ट्र में कांग्रेस राकांपा की अगुवाई वाले मंत्रिमंडल का गुरुवार को विस्तार किया जाएगा। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि राजभवन में आज सुबह दस बजे शपथग्रहण होगा।
हाल के लोकसभा चुनाव में सत्तारूढ़ गठबंधन की करारी हार के आलोक में मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण की दिल्ली में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से भेंट के बाद मंत्रिमंडल में विस्तार हो रहा है। चव्हाण को वर्ष 2010 में राज्य की कमान संभालने के लिए भेजा गया था।
चुनाव नतीजे आने के बाद कांग्रेस राज्य में महज दो सीटों पर सिमट गयी। राज्य में लोकसभा की 48 सीटें हैं। राज्य के चिकित्सा शिक्षा मंत्री विजय कुमार गावित को बख्रास्त किए जाने के बाद राकांपा का एक कैबिनेट मंत्री का पद खाली है। इसके अलावा, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं संस्कृति राज्यमंत्री फौजिया खान का भी कार्यकाल बतौर विधान परिषद सदस्य खत्म हो गया है। उनके खिलाफ हाल के लोकसभा चुनाव में परभानी में आधिकारिक राकांपा उम्मीदवार के साथ असहयोग करने की शिकायतें हैं। सूत्रों ने बताया कि वरिष्ठ राकांपा :रिपीट: राकांपा नेता सूर्यकांत पाटिल कैबिनेट पद भरने की दौड़ में हैं जबकि प्रदेश राकांपा कार्यवाहक अध्यक्ष जितेंद्र अवहाद और शरद गावित फौजिया खान का स्थान लेने की दौड़ में हैं।
इसी बीच विधायक अमित देशमुख (दिवंगत पूर्व मुख्यमंत्री विलासराव देशमुख के बेटे), कल्याण काले और वरिष्ठ नेता रोहिदास पाटिल कांग्रेस के कोटे से भरे जाने वाले तीन मंत्रियों के पद के लिए संभावित चेहरे हैं। तीन रिक्तियों में एक कैबिनेट स्तर की रिक्ति है। राज्य में इस साल बाद में विधानसभा चुनाव होने हैं। (एजेंसी इनपुट के साथ)
First Published: Thursday, May 29, 2014, 10:17