Last Updated: Monday, February 17, 2014, 21:54

सतारा (महाराष्ट्र) : राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) की महाराष्ट्र इकाई के नेता और महाराष्ट्र सरकार में राज्य मंत्री शशिकांत शिंदे के भाई रिषिकांत शिंदे को 33 साल की एक महिला से बलात्कार के आरोप में आज गिरफ्तार किया गया।
रिषिकांत की गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए पुलिस ने कहा कि कथित बलात्कार की यह घटना सतारा शहर के बाहरी इलाके वाढे के पास उस इमारत में हुई जिसमें पीड़िता रहती है।
पुलिस ने कहा कि महिला के अकेले रहने का फायदा उठाते हुए रिषिकांत उसके घर में दाखिल हो गया और उससे बलात्कार किया। महिला ने रविवार की देर रात पुलिस में शिकायत दर्ज करायी। रिषिकांत को आज एक स्थानीय अदालत में पेश किया गया। अदालत ने उसे 21 फरवरी तक की पुलिस हिरासत में भेज दिया है। पुलिस ने बताया कि मामले की तफ्तीश जारी है।
इस बीच, घटना के बारे में पूछे जाने पर महाराष्ट्र के गृह मंत्री आरआर पाटिल ने मुंबई में संवाददाताओं से कहा कि हम निष्पक्ष तरीके से मामले की जांच कर रहे हैं। पुलिस पर यदि दबाव होता तो मामला दर्ज ही नहीं हो पाता। (एजेंसी)
First Published: Monday, February 17, 2014, 21:54