Last Updated: Thursday, December 19, 2013, 19:35
नागपुर : महाराष्ट्र के गृहमंत्री आर.आर. पाटिल ने कहा है कि महाराष्ट्र में 60,000 से ज्यादा पुलिसकर्मियों की भर्ती होगी। पाटिल ने बुधवार को राज्य विधानसभा को सूचित किया कि 61,494 पुलिस कर्मियों की इस चरणबद्ध भर्ती के पहले चरण में 12,379 कर्मियों की भर्ती होगी। बाकी भर्तियां अगले कुछ वर्षो में की जाएगी।
गृहमंत्री ने बताया कि इसके साथ ही राज्यभर में 384 पुलिस कंट्रोल रूम स्थापित होंगे। 122 नये पुलिस थानों की स्थापना की जाएगी। पाटिल ने दावा किया कि नई भर्तियां राज्य में लापता महिलाओं और बच्चों के मामलों पर ध्यान देने और उनसे निपटने में मदद करेंगी। इन भर्तियों के बाद पुलिसकर्मियों की संख्या के मामले में महाराष्ट्र पुलिस देश की सबसे बड़ी पुलिस हो जाएगी। यह दूसरी बार है जबकि राज्य में इतनी बड़ी तादाद में पुलिसकर्मियों की भर्ती होगी।
राज्य में 12 करोड़ की आबादी के लिए पिछले पांच वर्षों में महाराष्ट्र पुलिस में करीब 55,000 नई भर्तियां की गई हैं। सरकारी आंकड़ों के अनुसार, वर्तमान में राज्य में करीब 195,000 पुलिसकर्मी हैं। इसमें 300 से अधिक भारतीय पुलिस सेवा अधिकारी शामिल हैं। (एजेंसी)
First Published: Thursday, December 19, 2013, 19:35