Last Updated: Tuesday, June 10, 2014, 12:33

मुंबई : महाराष्ट्र सरकार ने विधानसभा चुनावों से पहले एक महत्वपूर्ण फैसले में 44 टोल प्लाजा बंद करने की घोषणा आज की। राज्य सरकार का यह फैसला ऐसे समय में आया है जबकि पथकर को लेकर अनेक जगह विरोध प्रदर्शन हो चुके हैं।
उपमुख्यमंत्री अजीत पवार ने राज्य विधानसभा में बजट पर बहस का जवाब देते हुए यह जानकारी दी। उनके पास वित्त विभाग भी है। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र राज्य सड़क विकास निगम के 34 तथा लोक निर्माण विभाग द्वारा बनाये गये 10 टोल प्लाजा शीघ्र ही बंद होंगे। इन्हें चलाने वाले ठेकेदारों को मुआवजा दिया जाएगा और इसके लिए 306 करोड़ रपये का प्रावधान किया गया है।
राज्य में 166 टोल प्लाजा हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्गों पर पथकर समाप्त करने का आग्रह केंद्र सरकार से किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि यह फैसला ऐसे समय में किया गया है जबकि कोल्हापुर में टोल संग्रहण नीति के खिलाफ प्रदर्शन हुआ है। इसमें भाजपा, शिवसेना, भाकपा, पीडब्लयूपी तथा स्वाभिमान शेतकरी संगठन के कार्यकर्ताओं ने इसमें भाग लिया।
फरवरी में राज ठाकरे की अगुवाई वाली मनसे ने टोल मुद्दे पर राज्य स्तरीय विरोध शुरू किया था जो कि बाद में हिंसक हो गया। (एजेंसी)
First Published: Monday, June 9, 2014, 21:02