Last Updated: Saturday, November 23, 2013, 22:47
रेवाड़ी : पांच युवकों ने पिछले दो हफ्तों में 13 साल की एक लड़की के साथ कई बार बलात्कार किया। इस मामले को लेकर पुलिस ने आज एक आरोपी युवक और एक दूसरी महिला को गिरफ्तार किया। आरोपी महेश (19) और अपराध को प्रश्रय देने वाली मीना देवी को आज पुलिस ने गिरफ्तार किया।
पुलिस ने बताया कि पिछले दो हफ्तों में मीना देवी के घर पर आरोपी युवकों ने कई बार लड़की के साथ बलात्कार किया। दोनों आरोपियों को आज एक स्थानीय अदालत में पेश किया गया जिसने मीना देवी को 14 दिनों की न्यायिक हिरासत और महेश को एक दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया।
सातवीं कक्षा की छात्रा पीड़िता ने कल पुलिस के समक्ष शिकयत दर्ज करायी जिसके बाद पुलिस ने महिला समेत छह लोगों पर सामूहिक बलात्कार, यौन उत्पीड़न और अपराध में मिलीभगत का मामला दर्ज किया।
पीड़िता ने अपनी शिकायत में कहा कि युवकों ने मीना देवी की मिलीभगत से अपराध को अंजाम दिया। महिला उसके एक सहपाठी की मां है। लड़की ने कहा कि लड़कों ने उसके साथ हुए अपराध का वीडियो भी बनाया और इसके द्वारा उसे ब्लैकमेल कर कई दिनों तक उसके साथ बलात्कार किया। उन्होंने पुलिस को मामले का पता लगने पर उसे बुरे परिणाम भुगतने की धमकी भी दी।
लेकिन पीड़िता ने किसी तरह हिम्मत जुटाकर अपने घरवालों को मामले की जानकारी दी जिसके बाद उसके घरवालों ने पुलिस के समक्ष शिकयत दर्ज करायी। (एजेंसी)
First Published: Saturday, November 23, 2013, 22:47