Last Updated: Thursday, December 12, 2013, 20:14
रायपुर: राजस्थान की विधायक दल की नेता चुनी गईं वसुंधरा राजे सिंधिया गुरुवार को छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री रमन सिंह के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने रायपुर पहुंचीं। इस दौरान चार राज्यों में भाजपा के बेहतर प्रदर्शन पर उन्होंने कहा कि ये तो ट्रेलर है, मिशन 2014 की पूरी पिक्चर अभी बाकी है।
रायपुर में संवाददाताओं से चर्चा करते हुए उन्होंने छत्तीसगढ़ और राजस्थान की जनता को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि राजस्थान की जनता ने उन पर भरोसा कर पांच साल के लिए राजस्थान की बागडोर सौंपी है। वसुंधरा ने कहा कि भाजपा आने वाले लोकसभा चुनाव में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करेगी।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने कहा कि यह जनता की जीत है। उन्होंने कहा कि सभी ने मिलकर मेहनत की, जिसका नतीजा आज सामने है। उन्होंने रमन सिंह की तारीफ करते हुए कहा कि यदि इस प्रकार छत्तीसगढ़ में रमन सिंह के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार काम करती रही तो रमन सिंह को चौथी बार सरकार बनाने से भी कोई नहीं रोक सकता।
भाजपा के राष्ट्रीय नेता वैंकेया नायडू ने भी रमन सिंह की तारीफ करते हुए कहा कि डा. रमन ने इतिहास रच दिया है। उन्होंने कहा कि तीसरी बार मुख्यमंत्री बनना अपने आप में बहुत बड़ी बात है। नायडू ने कहा कि 2014 भाजपा के लिए बहुत बड़ी चुनौती है जिसकी तैयारी में हम जुट गए हैं।
वहीं, मध्य प्रदेश के विधायक दल के नेता चुने गए शिवराज सिंह चौहान ने रमन सिंह की तारीफ करते हुए कहा कि यह सुशासन की जीत है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार ने सभी तबके के लोगों का विकास किया है, जिसके चलते फिर से छत्तीसगढ़ की जनता ने डा. रमन पर भरोसा जताया है।
भाजपा के राज्यसभा सदस्य नंदकुमार साय ने कहा कि भाजपा ने चार राज्यों में बेहतर प्रदर्शन कर सेमीफाइनल जीत लिया है। अब पार्टी फाइनल यानी लोकसभा चुनाव की तैयारी में जुट गई है और उन्हें पूरा भरोसा है कि पार्टी ऐसा करने में सफल होगी।
उन्होंने भाजपा की हैट्रिक पर कहा कि प्रदेश में भाजपा की सरकार ने अच्छा काम किया है। उस काम को देखते हुए जनता ने फिर से भाजपा पर भरोसा किया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता ने भाजपा पर जो भरोसा किया है उस पर भाजपा जरूर खरी उतरेगी।
रमन सिंह के शपथ ग्रहण समारोह में पहुंचे कांग्रेस नेता एवं प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी ने कहा कि जनता के आदेश का वे सम्मान करते हैं। इस दौरान उन्होंने तीसरी बार मुख्यमंत्री की शपथ ले रहे रमन सिंह से अपील की कि वे नक्सिलयों से निपटने के लिए उचित कदम उठाए। (एजेंसी)
First Published: Thursday, December 12, 2013, 20:14