Last Updated: Sunday, January 12, 2014, 20:49
अहमदाबाद : गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी ने यहां साबरमती नदी के पास तीन दिवसीय पतंग महोत्सव 2014 का आज उद्घाटन किया। प्रधानमंत्री पद के लिए भाजपा के प्रत्याशी मोदी ने इस मौके पर कहा कि पतंग महोत्सव प्रकृति, पर्यावरण और पर्यटन के प्रति प्रेम का प्रतीक है और इन महोत्सवों से विशेष ऊर्जा आती है।
मोदी ने पर्यटन के महत्व और दुनियाभर में पर्यटन को मजबूत बनाने के लिए हो रहे घटनाक्रमों के साथ भारत के कदम से कदम मिलाकर चलने की आवश्यकता पर जोर दिया। मोदी ने कहा कि साल 2001-02 में पतंग का बाजार 30-35 करोड़ रुपये का था जबकि आज इसका बाजार 500 करोड़ रुपये का हो गया है और यह गरीब से गरीब व्यक्ति की आजीविका का स्रेात बन गया है।
उन्होंने स्थानीय लोगों को पर्यटन उद्योग के साथ जोड़ने की आवश्यता पर जोर दिया ताकि बेहतर नतीजे हासिल किए जा सकें। शहर के नगर निगम के स्कूल में पढ़ने वाले स्कूली छात्र ने ‘सूर्य नमस्कार’ किया जबकि अलग तरीके से सक्षम छात्रों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किया। मोदी ने नगर निगम स्कूल के बच्चों के ‘सूर्य नमस्कार’ में शामिल होने पर संतोष जताया और कहा कि यह दर्शाता है कि अगर अवसर मिले तो छोटे बच्चे क्या चमत्कार कर सकते हैं।
विभिन्न देशों और समूचे भारत से पतंग उड़ाने वाले महोत्सव को मनाने के लिए नदी के पास जुटे। मोदी ने स्वामी विवेकानंद को जबरदस्त प्रेरणा और श्रद्धेय हस्ती बताया जिन्होंने आध्यात्मिकता के माध्यम से राष्ट्रीय एकता का पाठ पढ़ाया। उन्होंने लोगों से गरीबों की सेवा करने के विवेकानंद के संदेश से प्रेरित होने का आह्वान किया। मोदी ने देश के लोगों को मकर संक्राति और उत्तरायण की भी बधाई दी। (एजेंसी)
First Published: Sunday, January 12, 2014, 20:49