Last Updated: Thursday, February 20, 2014, 22:34

बलिया : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेन्द्र मोदी के उत्तर प्रदेश से लोकसभा चुनाव लड़ने की चर्चाओं के बीच आज यहां कहा कि मोदी उत्तर प्रदेश में ’विजिटर ’ थे और ’विजिटर’ ही रहेंगे।
अखिलेश ने आज यहां पार्टी की जनसभा के इतर संवाददाताओं से बातचीत में मोदी के उत्तर प्रदेश से लोकसभा चुनाव लडने पर उनके खिलाफ संभावित सपा उम्मीदवार के बारे में सवाल किये जाने पर सीधा जवाब देने से बचते हुए कहा कि मोदी उत्तर प्रदेश में ’विजिटर ’थे और ’विजिटर’ ही रहेंगे।
सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव के सामने आम आदमी पार्टी द्वारा बाबा हरदेव सिंह को उम्मीदवार घोषित कर दिये जाने के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी दिल्ली में सरकार बनाकर अर्धशतक (50 दिन) तो बना नहीं पायी, वह सपा का मुकाबला क्या कर पायेगी।
इससे पूर्व जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने दावा किया कि सपा सरकार पर भ्रष्टाचार को लेकर कोई भी अंगुली नहीं उठा सकता है। उन्होंने भाजपा का नाम लिये बिना प्रहार करते हुए कहा कि भाजपा न तो रैली में मुकाबला कर सकती है और न ही उपलब्धि के मामले में। सरकार के उपलब्धियों की चर्चा करते हुए उन्होंने दावा किया कि दूसरे राज्य की सरकारे उत्तर प्रदेश की उपलब्धियों के मामले में तुलना नहीं कर सकतीं। उत्तर प्रदेश में चीनी मिल की खराब हालत के लिए उन्होंने केंद्र की कांग्रेसनीत संप्रग सरकार को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि केंद्र ने चीनी का भारी आयात करके संकट की स्थिति उत्पन्न कर दी है। (एजेंसी)
First Published: Thursday, February 20, 2014, 22:34