Last Updated: Sunday, February 2, 2014, 23:55
ज़ी मीडिया ब्यूरोनई दिल्ली : दिल्ली में सिर्फ एक माह पुरानी अरविंद केजरीवाल की आम आदमी पार्टी की सरकार को अब `असली राजनीति` से दो-चार होना पड़ रहा है। सरकार संकटों में घिरती दिख रही है। कम से कम पांच विधायकों के समर्थन का दावा करते हुए आप के निष्कासित विधायक विनोद कुमार बिन्नी ने आज कहा कि अगर उनकी मांगें 48 घंटे के अंदर नहीं मांगी गईं तो अरविंद केजरीवाल नीत सरकार को गिरा दिया जाएगा।
जदयू के विधायक शोएब इकबाल और निर्दलीय विधायक रामबीर शौकीन के साथ बिन्नी ने कहा, ‘मैं शोएब इकबाल और रामबीर के साथ उप राज्यपाल नजीब जंग से मुलाकात करूंगा और अगर हमारी मांगें 48 घंटे के अंदर नहीं मांगी गईं तो समर्थन वापस ले लूंगा।’
रविवार को राजधानी दिल्ली में एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए बिन्नी ने कहा कि वह आप के दो अन्य विधायकों एवं निगम पाषर्दों के साथ राजनीतिक मोर्चा बनाएंगे। उन्होंने इन विधायकों एवं पाषर्दों के संपर्क में होने का दावा किया। बिन्नी ने दावा किया कि उनके साथ चार विधायक और 20 पार्षद हैं जो सोमवार दोपहर को सामने आएंगे।
शोएब इकबाल ने यह भी दावा किया कि वह जल्द ही एक नया मोर्चा बनाएंगे जिसमें भाजपा और कांग्रेस के नेता भी शामिल होंगे। बिन्नी ने दावा किया कि नए मोर्चे में 20 पार्षद और चार विधायक शामिल होंगे। बिन्नी के इस ऐलान से सभी की नजरें बाकी विधायकों पर टिक गई हैं। माना जा रहा है कि इनमें से एक विधायक भाजपा और एक कांग्रेस का हो सकता है।
गौरतलब है कि केजरीवाल सरकार पर अंदर और बाहर से लगातार हमले हो रहे हैं। महिलाओं का सम्मान न करने का आरोप लगाते हुए आम आदमी पार्टी के संस्थापक सदस्यों में से एक मधु भादुड़ी ने भी पार्टी छोड़ दी है। उन्होंने कहा, `पार्टी में अब इंसानियत मर चुकी है। वहां महिलाओं को इंसान नहीं समझा जाता है।` (एजेंसी इनपुट के साथ)
First Published: Sunday, February 2, 2014, 22:51