Last Updated: Friday, January 24, 2014, 09:51
ज़ी मीडिया ब्यूरो लखनऊ : उत्तर प्रदेश में सत्तारूढ़ दल समाजवादी पार्टी ने भी लोकसभा चुनाव को लेकर अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। गौर हो कि आगामी आम चुनाव के मद्देनजर तमाम राजनीतिक दलों ने पहले से ही रणनीति बनानी शुरू कर दी है। पार्टी मुखिया मुलायम सिंह यादव वाराणसी में `देश बचाओ-देश बनाओ` रैली के बाद शुक्रवार को अपने विधायकों की क्लास लेने जा रहे हैं।
बीती 12 जनवरी को पार्टी प्रत्याशियों से क्षेत्र का फीडबैक लेने के बाद मुलायम सिंह और मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने 18 जनवरी को जिला व शहर इकाइयों के पदाधिकारियों को चुनाव जीतने का `गुरुमंत्र` दिया था। साथ ही इन पदाधिकारियों के पेंच भी कसे थे। इसी क्रम में अब मुलायम 24 जनवरी को पार्टी के विधायकों की क्लास लगाएंगे।
दरअसल, सपा नेतृत्व ने अब लोकसभा चुनाव को पार्टी की प्रतिष्ठा से जोड़ लिया है। वह अपने हर कार्यक्रम में पार्टीजनों को ज्यादा से ज्यादा सीटें जिताने का लगातार संकल्प दिला रहा है। इसके लिए सूबे में अब तक आजमगढ़, बरेली, मैनपुरी, बदायूं और झांसी में बड़ी रैलियां भी आयोजित की जा चुकी हैं। इन रैलियों के अलावा मुलायम ने कई महीने पहले ही अपने प्रत्याशियों की घोषणा कर उनकी तैयारियों की समीक्षा का क्रम कई स्तर पर लगातार जारी रखा है।
सपा प्रवक्ता राजेंद्र चौधरी ने बताया कि पार्टी ने 12 जनवरी को लोकसभा के घोषित प्रत्याशियों के साथ बैठककर उनकी तैयारियों की समीक्षा की। इसके बाद 18 जनवरी को जिला, शहर अध्यक्षों की बैठक बुलाई गई। इसमें पदाधिकारियों से पार्टी नेतृत्व ने कहा कि वे लोकसभा चुनाव की एक-एक सीट जीतने को अपना लक्ष्य बनाएं। चौधरी ने बताया कि पार्टी ने अपनी तैयारियों के क्रम में 16 से 20 जनवरी तक प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में बूथ व सेक्टर स्तर पर बैठकें की हैं। इनमें पार्टी के लोकसभा क्षेत्र प्रभारियों से लेकर जिला/शहर अध्यक्ष, विधायक व जिला पंचायत और जिला सहकारी बैकों के अध्यक्षों व सदस्यों को भी शामिल किया गया।
उन्होंने बताया कि पार्टी अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव ने अब 24 जनवरी को सभी विधायकों को लखनऊ बुलाया है। यह बैठक पार्टी मुख्यालय में होगी। मुख्यमंत्री अखिलेश यादव भी बैठक में रहेंगे।
(एजेंसी इनपुट के साथ)
First Published: Friday, January 24, 2014, 09:51