Last Updated: Tuesday, November 26, 2013, 20:49

मुंबई : बोरीवली उपनगर में बीती रात चार व्यक्तियों ने 17 साल की एक लड़की के साथ सामूहिक बलात्कार किया। पुलिस ने मंगलवार को यहां बताया कि चारों में से तीन आरोपियों को कल रात गिरफ्तार कर लिया गया और आज अदालत में पेश किया गया। अदालत ने उन्हें दो दिसंबर तक पुलिस की हिरासत में भेज दिया।
पुलिस के अनुसार, पीड़ित पहले उत्तर प्रदेश में रहती थी और स्कूल की पढ़ाई वहीं बीच में ही छोड़ चुकी है। इन दिनों वह बोरीवली के गणपत पाटिल नगर झुग्गी में रहती है। पीड़ित की मां उसे छोड़ चुकी है। तब से वह अपने मकान में अकेले रहती है और उसका एक करीबी मित्र उसकी देखभाल करता है।
एमएचबी कालोनी पुलिस थाने के एक अधिकारी ने बताया कि कल रात करीब साढ़े 8 बजे वह अपने लिए खाना लेने निकली थी। एक ऑटो रिक्शा चालक सोनू कांबले ने उसे रोका। वह उसे जानता था। कांबले ने उसे लिंक रोड पर खड़ी एक मिनी ऑटो में जबरन बिठाया। बाद में उसके दो साथी जयप्रकाश पाल और असलम खान आ गए। दोनों ऑटो चालक हैं। तीनों ने उससे बलात्कार किया।
पुलिस ने बताया कि एक व्यक्ति को लगा कि ऑटो में कुछ गलत हो रहा है। वह मौके पर पहुंचा और उसने भी पीड़ित से बलात्कार किया। पुलिस के अनुसार, लड़की की चीख पुकार सुन कर पास से जा रहे एक व्यक्ति ने वहां से भागने की कोशिश कर रहे जयप्रकाश को पकड़ा और गश्त कर रही पुलिस के हवाले कर दिया। अधिकारी के मुताबिक, लड़की ने पुलिस को आपबीती सुनाई। बीती रात ही आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई और सोनू तथा असलम पकड़े गए। चौथा आरोपी फरार है। आरोपियों के खिलाफ आईपीसी की और यौन अपराधों से बच्चों की सुरक्षा कानून की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। (एजेंसी)
First Published: Tuesday, November 26, 2013, 20:49