Last Updated: Wednesday, December 25, 2013, 19:20
मुंबई : अलग-अलग छापेमारी के दौरान बार से करीब 45 लोगों को गिरफ्तार किया गया जिनमें से आठ बार गर्ल्स हैं। छापेमारी में तीन लड़कियों को छुड़ाया गया। इन लोगों पर कथित अश्लील गतिविधियों में शामिल होने का आरोप है।
गुप्त सूचना के आधार पर सांताक्रूज के गजदरभांद में लक्षद्वीप बार एंड रेस्टोरेंट पर कल नगर पुलिस की सामाजिक सेवा शाखा ने रात 11 बजकर 40 मिनट पर छापेमारी की। पुलिस ने बुधवार को कहा कि बार के मालिक, कर्मचारी, 21 ग्राहक और आठ बार गर्ल्स सहित 43 लोगों को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने कहा कि जब छापेमारी की गई उस समय बार गर्ल्स और ग्राहक कथित रूप से अश्लील कृत्यों में संलग्न थे। उन्होंने कहा कि सभी आरोपियों को भादंसं की धारा 294 (अश्लील कृत्यों एवं गाने में संलग्न रहने) और 34 के तहत गिरफ्तार किया गया। एक अन्य मामले में पुलिस ने चेम्बूर के गणेश नगर में एक मंजिला मकान पर कल शाम छापेमारी की और दो लोगों को लड़कियों को कथित रूप से वेश्यावृत्ति में धकेलने के आरोप में गिरफ्तार किया। पुलिस ने कहा कि दोनों को अनैतिक देहव्यापार अधिनियम निरोधक धाराओं के तहत गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने कहा कि मामले में आगे की जांच जारी है। (एजेंसी)
First Published: Wednesday, December 25, 2013, 19:20