Last Updated: Friday, March 14, 2014, 23:09
मुंबई : मुंबई के सांताक्रूज उपनगर में शुक्रवार को एक सात मंजिला खाली इमारत गिरने से सात लोगों की मौत हो गई और चार लोग घायल हो गए। अधिकारियों को आशंका है कि मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है।
बीएमसी के अधिकारियों ने बताया कि यशवंत नगर में ग्रैंड हयात होटल के नजदीक बनी यह इमारत ‘शंकरलोक’ आज दोपहर पास में स्थित एक चाल पर गिर गयी। हादसे में कई लोग मलबे में दब गए।
हालांकि उन्होंने मलबे में दबे लोगों की संख्या नहीं बतायी। उन्होंने बताया कि ‘शंकरलोक’ भवन को 2007, 2008 और 2010 में तीन बार गिराने का नोटिस जारी हुआ था।
अधिकारी ने बताया, ‘चूंकि यह भवन जीर्ण-शीर्ण अवस्था में था इसलिए तीन बार नोटिस जारी किया गया था। हालांकि मामला अदालत में चला गया और उसे गिराने पर स्थगन लग गया।’ उन्होंने बताया कि भवन में तीन परिवार रहते थे। उन्होंने कहा, ‘बीएमसी के सभी नियमों का पालन किया गया था। हालांकि निवासी अदालत चले गए।’ बीएमसी के आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ के अधिकारी ने बताया कि घायलों को पास के सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
अधिकारी ने बताया कि अग्निशमन दल के कर्मचारी और राष्ट्रीय आपदा राहत बल के कर्मी देर शाम तक बचाव कार्य में जुटे हुए थे। हादसे में और लोगों के हताहत होने की आशंका है। बीएमसी के एक अधिकारी ने बताया कि दो मृतकों की पहचान चंदनबेन कांतीभाई पटेल (50) और सुधा श्रीधरण (32) के तौर पर हुयी है। (एजेंसी)
First Published: Friday, March 14, 2014, 23:09