नरेंद्र मोदी आज बिहार में दो रैलियों को करेंगे संबोधित

नरेंद्र मोदी आज बिहार में दो रैलियों को करेंगे संबोधित

पटना : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेन्द्र मोदी गुरुवार को बिहार के सासाराम और गया में चुनावी सभाओं को संबोधित करेंगे। मोदी के आगमन को लेकर दोनों स्थानों पर सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। भाजपा की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष मंगल पांडेय ने बताया कि मोदी झारखंड के गुमला और चतरा संसदीय क्षेत्र में चुनावी सभा करने के बाद करीब दो बजे सासाराम पहुचेंगे और बाजार समिति मैदान में एक चुनावी सभा को संबोधित करने के बाद गया के लिए रवाना होंगे।

गया की सभा में लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) के अध्यक्ष रामविलास पासवान और सासाराम की चुनावी सभा में राष्ट्रीय लोक समता पार्टी (रालोसपा) के उपेन्द्र कुशवाहा के साथ भाजपा के कई नेता भी उपस्थित रहेंगे। सासाराम से छेदी पासवान और गया से हरि मांझी भाजपा के उम्मीदवार हैं।

नक्सली संगठन भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) की ओर से गुरुवार को बिहार और झारखंड बंद की घोषणा के बीच होने वाली मोदी की रैली को लेकर सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। सभा स्थल पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है तथा रैली में आने वाले लोगों पर भी पैनी नजर रखी जा रही है। (एजेंसी)

First Published: Thursday, March 27, 2014, 11:48

comments powered by Disqus