नरेंद्र मोदी को PM बनाएगा ‘गुजराती गर्व’!

नरेंद्र मोदी को PM बनाएगा ‘गुजराती गर्व’!

नरेंद्र मोदी को PM बनाएगा ‘गुजराती गर्व’!अहमदाबाद: गुजरात भाजपा ने आगामी लोकसभा चुनाव में राज्य से अधिकतम सीटें जीतने के लिए ‘गुजराती गौरव’ का इस्तेमाल करने का निर्णय किया है जहां वह पिछले लोकसभा चुनाव में उतना अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पायी थी जैसा उसने विधानसभा चुनाव में किया था।

भाजपा प्रवक्ता हषर्द पटेल ने कहा कि पार्टी आज से एक अभियान शुरू करेगी जिसके तहत वह लोगों के पास जाएगी और यह कहेगी कि एक गुजराती के देश का प्रधानमंत्री बनने की संभावना है इसलिए वे इसमें अपना योगदान दें।

पार्टी ने कई नारे बनाये हैं जैसे ‘फुलसे अपडी छाती ज्यारे वडाप्रधान हासे एक गुजराती’ यानी यदि एक गुजरात प्रधानमंत्री बनेगा तो हमें गर्व होगा, और आइए नरेंद्र भाई को अपना प्रधानमंत्री बनायें। यद्यपि भाजपा ने पिछले कुछ विधानसभाओं में अच्छी जीत दर्ज की है लेकिन लोकसभा चुनाव में पार्टी का कांग्रेस के साथ कड़ा मुकाबला रहा है।

2004 के लोकसभा चुनाव में भाजपा ने जहां 14 सीटें जीती थीं वहीं कांग्रेस ने 12 सीटों पर जीत दर्ज की थी। गुजरात में लोकसभा की कुल 26 सीटें हैं। 2009 में कांग्रेस ने 11 सीटें जबकि भाजपा 15 सीटों पर विजयी रही थी। इसके विपरीत 2002, 2007 और 2012 के विधानसभा चुनावों में जनता ने भाजपा को पूर्ण बहुमत दिया था।

अब मोदी के गृह राज्य गुजरात से लोकसभा की अधिकतम सीटें जीतने के लिए गुजरात भाजपा के चुनाव प्रबंधकों ने ‘प्रदर्शन, लोकप्रियता और गर्व’ कारकों का इस्तेमाल करने का निर्णय किया है। (एजेंसी)


First Published: Tuesday, February 11, 2014, 12:47

comments powered by Disqus