Last Updated: Sunday, January 19, 2014, 09:35
चिरांग, उदलगुड़ी (असम) : एनडीएफबी द्वारा हत्याएं किए जाने का सिलसिला दूसरे दिन भी जारी रहा। संगठन ने आज दो जिलों में दो लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी जबकि चार अन्य को घायल कर दिया। सूत्रों ने बताया कि चिरांग जिले के बिजनी उपसंभाग के साकुवासरफंग में एनडीएफबी के वार्ता विरोधी धड़े सांग बिजित समूह से जुड़े सशस्त्र उग्रवादियों के समूह ने आज शाम साढ़े सात बजे के करीब अंधाधुंध गोलीबारी की जिसमें 50 वर्षीय एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि चार अन्य घायल हो गए। घायलों में दो महिलाएं भी शामिल हैं।
नेशनल डेमोक्रेटिक फंट्र ऑफ बोडोलैंड के उग्रवादियों की ओर से की गई गोलीबारी में पेट में गोली लगने से इमाम अली की मौत हो गई जबकि अमीनुर इस्लाम (45), हजरत अली (50), शिहिरन्निसा (53) और अंजू आरा बेगम (25) घायल हो गए। सूत्रों ने बताया कि पीड़ित गांव में कुछ दुकानों के पास थे तभी यह घटना हुई। उन्होंने बोंगाईगांव के निकट एक निजी अस्पताल में ले जाया गया।
इससे पहले दिन में, एक हिंदी भाषी नाई जब सैलून से बाहर निकल रहा था तभी एनडीएफबी के संदिग्ध उग्रवादियों ने बेहद नजदीक से उसे गोली मारी। घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। यह घटना जिल के उदलगुड़ी थाने के तहत अंबागांव में हुई। पुलिस ने बताया कि नाई की पहचान बिहार निवासी बिक्रम सिंह (55) के तौर पर की गई है।
कल रात एनडीएफबी के संदिग्ध उग्रवादियों ने पांच हिंदीभाषियों की हत्या कर दी थी और तीन अन्य को घायल कर दिया था। इस घटना को कोकराझार जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-31 पर एक बस को रोकने के बाद अंजाम दिया गया था। वाहन पश्चिम बंगाल में सिलीगुड़ी से मेघालय में शिलांग जा रहा था। उग्रवादियों ने आठ यात्रियों को बस से निकलने को कहा और उन्हें कतार में खड़ा कर उनपर गोलियां चलाई। मरने वाले पांच लोगों में से चार लोगों और तीन घायलों की आज पहचान कर ली गई।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि मरने वाले लोगों की पहचान बिहार के रहने वाले पप्पू कुमार सिंह (25), शमशेर मंत्री (20) और अहोत बिहारी (20) और राज बिहारी (19) के तौर पर की गई है। घायल भी बिहार के ही रहने वाले हैं। उन्हें बोंगाईनगांव सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनकी पहचान अमोल गुप्ता, रामानंद ओझा और बाबूलाल करमाकर के तौर पर की गई है। असम के मुख्यमंत्री तरण गोगोई ने एनडीएफबी उग्रवादियों के खिलाफ राज्य के डीजीपी से कड़ी कार्रवाई करने को कहा है।
एक आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार गोगोई ने हत्याओं की निंदा की और नए डीजीपी खगन शर्मा से अपराधियों को पकड़ने के लिए अभियान को तेज करने का आदेश दिया। बिहार सरकार ने प्रत्येक मृत व्यक्ति के परिवार को दो-दो लाख रपये का मुआवजा देने और राज्य के रहने वाले चार मृत लोगों का राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार करने की घोषणा की है। (एजेंसी)
First Published: Sunday, January 19, 2014, 09:35