Last Updated: Tuesday, February 4, 2014, 23:39
नई दिल्ली : राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में चौंका देने वाली घटना के तहत बाड़ा हिंदू राव इलाके में 25 साल के एक युवक ने नौ साल की लड़की से कथित रूप से बलात्कार और अप्राकृतिक यौन दुष्कर्म किया। पुलिस के अनुसार आरोपी गोपी निशा मल्हा को गिरफ्तार किया गया है तथा पीड़िता सरकारी अस्पताल में जिंदगी के लिए संघर्ष कर रही है। उसकी हालत बहुत ही गंभीर है।
एक पुलिस अधिकारी ने कहा, यह वारदात रविवार को शाम करीब साढ़े छह बजे हुई। लड़की अपने घर के सामने दो दोस्तों के साथ खेल रही थी। उसी समय मल्हा उनके पास पहुंचा और उन्हें कुछ अनोखी चीज दिखाने का लालच दिया। दो लड़कियां तो वहां से भाग गयीं लेकिन आरोपी ने पीड़िता को पकड़ लिया। उसने उसका मुंह बंद कर दिया और उसे समीप में एक सूनसान जगह पर ले गया। वहां उसने कथित रूप से उसके साथ बलात्कार किया। लड़की सरकारी विद्यालय में कक्षा तीसरी की छात्रा है। बाकी दो लड़कियां पीडिता के घर गयीं और उन्होंने उसकी मां को सूचना दी। स्थानीय लोग लड़की और उस व्यक्ति को ढूढने लगे। घंटे बाद पीड़िता की मां ने अपनी बेटी और आरोपी को नवाबगंज इलाके में पाया। ज्योंही उसने शोर मचाया तो आरोपी लडकी को छोडकर भाग गया।
पीड़िता बाड़ा हिंदू राव अस्पताल के आईसीयू में भर्ती है। उसका एक ऑपरेशन किया गया है। अब भी उसकी हालत गंभीर है। दूसरा ऑपरेशन भी करना पड़ सकता है। पुलिस ने भादसं और बाल यौन अपराध रोकथाम अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। (एजेंसी)
First Published: Tuesday, February 4, 2014, 23:39