Last Updated: Friday, October 18, 2013, 11:54
ज़ी मीडिया ब्यूरोनई दिल्ली : कहते हैं इश्क पर किसी का जोर नहीं चला। खुद का भी नहीं। कुछ ऐसी ही कहानी निकलकर आई है दिल्ली के एक नर्स की। पश्चिमी दिल्ली के मोतीनगर में अपने ही पड़ोसी के इश्क में पागल एक शादीशुदा महिला ने न सिर्फ अपने 2 साल के मासूम बेटे का कत्ल कर दिया बल्कि प्रेमी की बीवी की भी जान ले ली।
इस दोहरे हत्याकांड की जांच से जुड़े एक अधिकारी ने बताया कि पेशे से नर्स सुदेश शर्मा (36) का अपने पड़ोसी मनोज तनेजा के साथ पिछले चार साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था। मनोज पेशे से बिल्डर है। मनोज की पत्नी रीना तनेजा (44) को इस बारे में पता था। रीना गुरुवार को सुदेश के घर गई और उसे अपने पति के साथ रिश्ते को खत्म करने के लिए आग्रह किया। इस दौरान दोनों के बीच जबरदस्त तरीके से हाथापाई हुई।
पुलिस के मुताबिक दोनों ने चाकू से एक दूसरे पर वार किए। सुदेश की 17 वर्षीय बेटी ने बीच बचाव की कोशिश की। चाकूबाजी के दौरान वह भी घायल हो गई। उसने मदद के लिए पड़ोसियों को बुलाया। जब तक पड़ोसी सुदेश के घर पहुंचते तब तक सुदेश अपने प्रेमी की बीवी की जान ले चुकी थी। उसने रीना की चाकू से गोदकर हत्या कर दी।
सुदेश ने अपने बेटे आरव का भी गला रेत डाला। हालांकि सुदेश का कहना है कि आरव मनोज का बेटा है। सुदेश का पति अनिल शर्मा एक अखबार में कम्यूनिकेशन मैनेजर है। पड़ोसियों के मुताबिक जब वे सुदेश के घर पहुंचे तो उन्होंने देखा कि आरव का शव बिस्तर पर पड़ा हुआ था। उसके शरीर पर 14 बार चाकू से वार के निशान थे। खून से लथपथ रीना और सुदेश जमीन पर पड़ी थी।
गंभीर रूप से घायल सुदेश को एम्स के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। पुलिस के मुताबिक सुदेश ने अपना गुनाह कबूल कर लिया है। कहा जा रहा है कि सुदेश मनोज पर दबाव डाल रही थी कि वह अपनी पत्नी रीना को तलाक देकर उससे शादी करे। मनोज ने मना कर दिया था।
First Published: Friday, October 18, 2013, 11:53