मालिक ने नौकर को दी 600 करोड़ से अधिक की संपत्ति

मालिक ने नौकर को दी 600 करोड़ से अधिक की संपत्ति

राजकोट : गुजरात के राजकोट जिले में एक नौकर को उसके मालिक ने 600 करोड़ रूपये से अधिक की संपत्ति दी है। मालिक का करीब चार महीने पहले निधन हो गया था।

बताया जाता है कि गजराज सिंह जडेजा की पिछले साल 21 सितंबर को मौत हो गयी थी और उन्होंने अपनी 600 करोड़ से अधिक मूल्य की संपत्ति अपने वफादार नौकर कांजी जयपाल उर्फ वीनूभाई को सौंपने के लिए वसीयत कर रखी थी।

वीनूभाई 1976 से गजराज सिंह जडेजा के साथ थे और वह उनके लिए परिवार के सदस्य जैसे हो गए थे।

गजराज सिंह ने खुद शादी नहीं की लेकिन उन्होंने वीनूभाई की शादी का सारा खर्चा उठाया और उसके दो बच्चों की शिक्षा का खर्च भी खुद वहन किया। गजराज सिंह की मौत के तीन महीने बाद उनकी वसीयत का पता चला और उनके परिवार के सदस्य यह देखकर दंग रह गए कि वीनूभाई को 600 करोड़ रूपये से अधिक की संपत्ति का वारिस बनाया गया है।

गजराज सिंह के परिवार के सदस्यों ने इसके बाद वीनूभाई का अपहरण कर लिया और उनसे वसीयत बदलने का दबाव डाला। लेकिन पुलिस को वीनूभाई के अपहरण का पता चल गया और उसने गजराज सिंह के आठ रिश्तेदारों को गिरफ्तार कर लिया।

वीनूभाई ने बताया, ‘गजराज सिंह को पता था कि उनकी संपत्ति को लेकर विवाद पैदा होगा जिसमें 110 बीघा कृषि भूमि, 400 गज से लेकर 800 गज के करीब आठ भूखंड, नकदी और सावधि जमा राशि थी।’ वीनूभाई ने बताया कि गजराज सिंह सभी कानूनी औपचारिकताएं पूरी करके उन्हें अपना वारिस बनाकर गए हैं। (एजेंसी)

First Published: Friday, January 17, 2014, 00:18

comments powered by Disqus