भाजपा नेताओं ने पटेल की मूर्ति को नेस्तनाबूद कर दिया: कांग्रेस

भाजपा नेताओं ने पटेल की मूर्ति को नेस्तनाबूद कर दिया: कांग्रेस

भाजपा नेताओं ने पटेल की मूर्ति को नेस्तनाबूद कर दिया: कांग्रेसजालंधर : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी और कांग्रेस के बीच देश के पहले गृह मंत्री सरदार बल्लभभाई पटेल पर चल रही राजनीति के बीच पंजाब कांग्रेस ने कहा है कि भाजपा के राष्ट्रीय नेता जहां एक ओर पटेल को ‘हाईजैक’ कर गंदी राजनीति कर रहे हैं वहीं दूसरी ओर पार्टी के प्रदेश नेताओं ने जालंधर से उनकी मूर्ति गायब करके खुर्द बुर्द कर दिया है।

देश के पहले गृहमंत्री सरदार पटेल पर राष्ट्रीय स्तर पर चल रही राजनीति के बीच प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेता विरेंदर शर्मा ने मांग की कि अब समय आ गया है जब नगर निगम के स्टोर में रखे पटेल की कांस्य मूर्ति को शहर के पटेल चौक पर स्थापित कर दिया जाए। इसके बाद भाजपा की अगुवाई वाली जालंधर नगर निगम ने पटेल की मूर्ति को खोजा लेकिन कांस्य निर्मित 60 साल पुरानी प्रतिमा नहीं मिली। इसके बाद आरोप प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया।

शर्मा ने कहा, नगर निगम में रखी पटेल की मूर्ति आखिर कहां गयी। यह जांच का विषय है कि मूर्ति क्यों नहीं मिली है। भाजपा के नेताओं ने ही मूर्ति को गुम करके उसे खुर्द बुर्द (नेस्तनाबूद) कर दिया है। शहर के महापौर को यह बताना चाहिए कि आखिर पटेल की प्रतिमा कहां है। निगम के स्टोर में रखी चीज कैसे गायब हो गयी। पटेल की मूर्ति के बारे में पूछे जाने पर शहर के महापौर सुनील ज्योति ने कहा, मुझे नहीं पता कि मूर्ति कहां है। मैने स्टोर इंचार्ज को कहा है कि वह इस मूर्ति का पता लगा कर इसकी जानकारी निगम को दें।

महापौर ने यह भी कहा, विरेंदर शर्मा स्वयं छह साल तक पाषर्द थे। 2007 तक निगम में कांग्रेस का राज था तब क्यों नहीं यह मूर्ति लगवा दी गयी। उस समय इन्होंने मूर्ति लगाने की मांग क्यों नहीं की। इनका वरिष्ठ नेतृत्व थक गया तो शर्मा अब पटेल पर राजनीति करने उतरे हैं। यह गलत बात है । जब हमने पटेल चौक बनाया है तो जल्दी ही वहां उनकी मूर्ति स्थापित कर दी जाएगी। शर्मा ने कहा, मैं पहले भी मूर्ति को पटेल चौक पर लगाने की मांग कर चुका हूं। कांग्रेस की अगुवाई वाली निगम ने इसके लिए एक कमेटी भी बनायी थी और इसके तत्काल बाद निगम में भाजपा आ गयी। मेयर यह बतायें कि क्या हुआ उस कमेटी का। भाजपा का शीर्ष नेतृत्व कांग्रेस नेता पटेल को हाईजैक कर गंदी राजनीति कर रहा है और दूसरी ओर पार्टी के स्थानीय नेता उनका अपमान कर रहे हैं।

दूसरी ओर भाजपा के वरिष्ठ नेता रजत कुमार मोहिंद्रू ने मूर्ति गायब होने की निंदा करते हुए कहा, 31 अक्तूबर को मोदी ने जब पटेल की प्रतिमा का शिलान्यास किया तो कांग्रेस को भी पटेल की याद आ गयी और उपर से लेकर नीचे स्तर के कांग्रेस नेता इस पर राजनीति कर रहे हैं। 1973 से ही पटेल की मूर्ति निगम में रखी हुई है तो कांग्रेस ने इसे क्यों नहीं लगवाया। निगम सूत्रों से मिली जानकारी में कहा गया है कि पटेल के निधन के बाद 1950 में पटेल की एक प्रतिमा को रेलवे स्टेशन पर लगाया गया था। रेलवे के विरोध के बाद इसे तीन साल बाद पुराने डीसी आफिस स्थित नगरपालिका कार्यालय में लगवा दिया गया। बाद में दिक्कत होने के कारण 1973 में मूर्ति को वहां से हटा दिया गया और तब से यह निगम के स्टोर में रखी हुई थी। (एजेंसी)

First Published: Tuesday, November 5, 2013, 16:47

comments powered by Disqus