Last Updated: Monday, January 6, 2014, 14:20
ज़ी मीडिया ब्यूरो नई दिल्ली : दिल्ली सरकार में मंत्री राखी बिड़ला की कार पर रविवार शाम मंगोलपुरी इलाके में कुछ अज्ञात लोगों की ओर से किए गए हमले को लेकर आम आदमी पार्टी ने सोमवार को कड़ी प्रतिक्रिया जताई।
पार्टी के प्रमुख और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने इस हमले को लेकर आज कहा कि कांग्रेस और बीजेपी के लोग कुछ भी करवा सकते हैं। उन्होंने अपरोक्ष रूप से इस मामले में कांग्रेस और बीजेपी पर हमला बोला। गौर हो कि राखी बिड़ला ने इस घटना के बाद मंगोलपुरी थाने में मामला दर्ज कराया था। बाद में उनकी कार पर गेंद फेंकने वाले बच्चे ने माफी मांग ली थी।
राखी बिड़ला पर रविवार शाम मंगोलपुरी इलाके में कुछ अज्ञात लोगों ने हमला किया। राखी सुरक्षित हैं और उन्होंने कहा है कि वह पुलिस की सुरक्षा नहीं लेंगी। महिला एवं बाल विकास मंत्री राखी अरविंद केजरीवाल कैबिनेट की सबसे युवा सदस्य हैं। वह उत्तर पश्चिम दिल्ली के एक मंदिर से लौटते हुए अपनी ‘वैगन आर’ कार की आगे वाली सीट बैठी थीं कि तभी कुछ लोगों ने कार पर कोई भारी वस्तु फेंकी जिससे गाड़ी के शीशे को नुकसान पहुंचा। यह घटना शाम करीब छह बजे हुई। इसके तत्काल बाद 26 वर्षीय राखी ने कहा कि वह हमले से विचलित नहीं हैं और पुलिस की सुरक्षा नहीं लेंगी। उन्होंने कहा कि मैं कोई सुरक्षा नहीं लूंगी। यह निर्णय हमारे सिद्धांतों पर आधारित है। मैं भयभीत नहीं हूं और लोगों के कल्याण के लिए काम करती रहूंगी।
बाद में राखी ने मंगोलपुरी पुलिस थाने में जा कर रिपोर्ट दर्ज कराई। सादगी पर अमल के अपनी पार्टी के वादे के मुताबिक केजरीवाल किसी तरह की सुरक्षा लेने से इनकार करते रहे हैं और उनके छह मंत्रियों ने भी कहा है कि वे अपने नेता का अनुकरण करते हुए किसी तरह की सुरक्षा नहीं लेंगे।
First Published: Monday, January 6, 2014, 14:20