बीजेपी कार्यकर्ताओं पर जमकर भांजीं लाठियां

बीजेपी कार्यकर्ताओं पर जमकर भांजीं लाठियां

लखनऊ : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के आवास का घेराव करने पहुंचे भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ताओं पर पुलिस ने जमकर लाठियां भाजीं। भाजपा कार्यकर्ता मंगलवार को कानपुर से सपा विधायक इरफान सोलंकी की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे।

चिकित्सकों के समर्थन में उतरे भाजपा युवा इकाई के कार्यकर्ताओं ने मंगलवार दोपहर में मुख्यमंत्री आवास की तरफ मार्च किया, लेकिन पुलिस पहले से ही आवास के पास मुस्तैद थी। पुलिस ने मुख्यमंत्री आवास पहुंचने से पहले ही भाजपा कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज कर दिया। भाजपा कार्यकर्ताओं की मांग थी कि चिकित्सकों के साथ दुर्व्यवहार करने वाले सपा विधायक इरफान सोलंकी को तत्काल गिरफ्तार किया जाए।

भाजपा युवा इकाई के प्रदेश उपाध्यक्ष अभिजात मिश्रा ने बताया कि चिकित्सकों की पिटाई के विरोध में ही भाजपा के युवा कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे थे। वह मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने जा रहे थे लेकिन पुलिस ने रास्ते में ही लाठीचार्ज कर दिया। मिश्रा ने बताया कि लाठीचार्ज के दौरान करीब एक दर्जन लोग घायल हुए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार तत्काल सपा विधायक को गिरफ्तार करवाए और स्थानीय वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को हटाया जाए। गौरतलब है कि चिकित्सकों के साथ हुई इस घटना के बाद से ही राज्य के चिकित्सक पिछले चार दिनों से हड़ताल पर चल रहे हैं। (एजेंसी)

First Published: Tuesday, March 4, 2014, 20:54

comments powered by Disqus