कश्मीर घाटी में वर्षा होने और बर्फ गिरने की संभावना

कश्मीर घाटी में वर्षा होने और बर्फ गिरने की संभावना

श्रीनगर : कश्मीर में कुछ स्थानों पर बारिश होने और बर्फ गिरने की संभावना है जिससे घाटी में ठंडे और शुष्क मौसम से परेशान लोगों को थोड़ी राहत मिलेगी। मौसम विभाग के अधिकारी ने यहां कहा, कश्मीर घाटी में कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है या बर्फ गिर सकती है जिससे घाटी में पिछले एक महीने से जारी शुष्क मौसम बदलेगा। अधिकारी ने बताया कि श्रीनगर में न्यूनतम तापमान 0.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो कि इससे इससे पहले की रात को 0.6 डिग्री सेल्सियस था।

उन्होंने बताया कि पहलगाम में भी न्यूनतम तापमान में बढोतरी दर्ज की गई। वहां कम से कम तापमान शून्य से 0.8 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जबकि इससे पहले न्यूनतम तापमान शून्य से 2.2 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया था। गुलमर्ग के प्रसिद्ध स्काई रिसार्ट में न्यूनतम तापमान पहले के शून्य डिग्री सेल्सियस की तुलना में 0.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

उन्होंने बताया कि काजीगुंड में पूर्ववर्ती रात्रि के 0.7 डिग्री सेल्सियस की तुलना में न्यूनतम तापमान शून्य से 0.3 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। कोकेरनाग में न्यूनतम तापमान 1.4 डिग्री सेल्सियस और कुपवाड़ा में रात का तापमान शून्य से 1.7 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। लेह में न्यूनतम तापमान शून्य से 8.5 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। करगिल शहर में न्यूनतम तापमान शून्य से 5.5 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा। (एजेंसी)

First Published: Saturday, December 7, 2013, 15:12

comments powered by Disqus