Last Updated: Friday, January 10, 2014, 14:26
भोपाल : मध्यप्रदेश विधान सभा में आज कांग्रेस के राजेन्द्र सिंह को सर्वसम्मति से उपाध्यक्ष चुन लिया गया। राज्य विधान सभा में आज मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने उपाध्यक्ष पद के लिये सिंह के नाम का प्रस्ताव किया जिसका समर्थन संसदीय कार्य मंत्री नरोत्तम मिश्रा, विपक्ष के नेता सत्यदेव कटारे एवं केपी सिंह ने किया।
मुख्यमंत्री ने सिंह को उपाध्यक्ष चुने जाने पर बधाई देते हुए कहा कि वे सहज एवं सरल हैं तथा दोनों पक्षों का विश्वास जीतने में सक्षम हैं। चौहान ने विश्वास व्यक्त किया कि सिंह सदन की परंपराओं को आगे बढायेंगे और सदन का निष्पक्षता से संचालन करेंगे।
विपक्ष के नेता सत्यदेव कटारे ने कहा कि प्रदेश की गौरवमयी परंपरा के अनुसार उपाध्यक्ष का पद विपक्ष को दिया गया है। उन्होंने सिंह को विद्वान एवं अनुभवी बताते हुए कहा कि वे प्रदेश की गौरवमयी परंपरा के अनुसार सदन चलायेंगे। उपाध्यक्ष राजेन्द्र सिंह ने उनके सर्वसम्मत निर्वाचन के लिये सदस्यों को धन्यवाद देते हुए कहा कि आसंदी का मूलमंत्र उसकी निष्पक्षता है और इसका वे शत प्रतिशत पालन करने का प्रयास करेंगे। (एजेंसी)
First Published: Friday, January 10, 2014, 14:05