कश्मीर में न्यूनतम तापमान बढ़ने से ठंड से राहत

कश्मीर में न्यूनतम तापमान बढ़ने से ठंड से राहत

श्रीनगर : कश्मीर घाटी और लद्दाख क्षेत्र में तापमान में कई डिग्री सेल्सियस की बढ़ोत्तरी होने से इलाके के लोगों को ठंड की स्थिति से थोड़ी राहत मिली।

मौसम विभाग के एक अधिकारी ने यहां बताया कि जम्मू और कश्मीर की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में तापमान में तीन डिग्री से अधिक की वृद्धि देखी गई। यहां पारा पिछली रात के तापमान शून्य से चार डिग्री सेल्सियस नीचे की तुलना में कल रात शून्य से 0.2 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया था।

पर्यटक स्थल के रूप में मशहूर और सालाना अमरनाथ यात्रा के दौरान आधार शिविर के रूप में कार्य करने वाले दक्षिण कश्मीर के पहलगाम में पारा पिछली रात की तुलना में छह डिग्री बढ़कर शून्य से 5.7 डिग्री सेल्सियस नीचे बना रहा। पिछली रात यहां तापमान शून्य से 11.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

स्कीईंग के लिए मशहूर गुलमर्ग में भी पारे में में दो डिग्री से अधिक की वृद्धि दर्ज की गई और यहां पारा शून्य से 8.4 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया जबकि पिछली रात को यहां का तापमान शून्य से 11.0 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया था।

लद्दाख क्षेत्र का करगिल हालांकि राज्य का सबसे ठंडा क्षेत्र बना रहा लेकिन यहां भी पारे में छह डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हुई थी और तापमान शून्य से 16.8 डिग्री सेल्सियस नीचे बना रहा जबकि पिछली रात को यहां का तापमान शून्य से 23.0 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया था। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक अगले 24 घंटे के दौरान राज्य के सुदूर इलाकों में छिटपुट बारिश या हिमपात होने की संभावना है। (एजेंसी)

First Published: Friday, February 14, 2014, 15:09

comments powered by Disqus