Last Updated: Monday, December 16, 2013, 20:28

देवरी (झारखंड) : बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव ने सोमवार को अपने विरोधियों को चेतावनी दी कि वे यह सोचने की गलती ना करें कि उनका राजनीति से सफाया हो जाएगा।
लालू ने रांची से करीब 40 किलोमीटर दूर देवरी मंदिर के पास लोगों को संक्षिप्त संबोधन में कहा कि जब मैं जेल गया तो कुछ लोगों ने सोचा कि मैं खत्म हो गया। उन्हें याद रखना चाहिए कि जब तक रहेगा आलू, तब तक रहेगा लालू।
उन्होंने लोगों से ‘साम्प्रदायिक राजनीति’ से दूर रहने की अपील करते हुए कहा कि (गुजरात के मुख्यमंत्री) नरेंद्र मोदी पूंजीपतियों के हैं। उनकी पार्टी एक विभाजनकारी पार्टी है जो सामाजिक तानेबाने को नष्ट करने पर तुली हुई है। राजद ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बारे में कहा कि जदयू और भाजपा के बीच एक ‘अपवित्र विवाह’ था जिसका परिणाम ‘तलाक’ के रूप में सामने आया।
उन्होंने कहा कि दोनों दल तलाक के बाद परेशान हैं। बिहार में स्थिति ऐसी है कि जदयू और भाजपा दोनों ही अलग होने के बाद आंसू बहा रही हैं। उन्होंने कहा कि जनता उन्हें अगले चुनाव में सबक सिखाएगी जब वे समाप्त हो जाएंगे। लालू ने आज जेल से रिहा होने के बाद देवरी मंदिर में मत्था टेका। चारा घोटाले में दोषी करार दिए जाने के बाद वह गत 30 सितम्बर से बिरसा मुंडा केंद्रीय जेल में बंद थे। (एजेंसी)
First Published: Monday, December 16, 2013, 20:28