Last Updated: Saturday, December 14, 2013, 09:46
ज़ी मीडिया ब्यूरोनागपुर/पुणे : भाजपा नेता विनोद तावड़े की मानें तो बॉलीवुड अभिनेता संजय दत्त को जेल में रम और बीयर परोसी जा रही है। महाराष्ट्र विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष विनोद तावड़े ने शुक्रवार को संजय दत्त को लेकर यह बयान देकर बड़ा धमाका कर दिया है। तावड़े ने आरोप लगाया कि पुणे की यरवदा जेल में बंद संजय दत्त को बीयर और रम पहुंचाने में कुछ पुलिस अधिकारी मदद कर रहे हैं। मालूम हो कि संजय दत्त को 1993 के मुंबई बम धमाकों के मामले में दोषी पाया गया था। संजय को पांच साल की सजा हुई है।
महाराष्ट्र विधान परिषद में नियम 260 के अंतर्गत महिलाओं पर बढ़ते अत्याचार के प्रस्ताव पर नेता प्रतिपक्ष विनोद तावड़े ने अपने एक घंटे के भाषण में कहा कि जेल में सजा भुगत रहे आरोपियों पर नजर रखी जाती है, लेकिन जेल कर्मियों के साथ साठगांठ करने पर संजय दत्त समेत शक्ति मिल घटना के आरोपियों को वीआईपी सुविधा मिलती है। अपराध करने के बावजूद 93 प्रतिशत अपराधी मुक्त हैं। पुलिस कस्टडी में रहने वाले कैदी ही बलात्कार और अत्याचार जैसी घटनाओं के आरोपी साबित हुए हैं।
राज्य सरकार पर हमला करते हुए तावड़े ने कहा कि महाराष्ट्र में अक्टूबर महीने में 216 बलात्कार की घटना होना चिंताजनक है। ऐसे में महिला सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रत्येक पुलिस थाने में महिला का सुरक्षा ऑडिट होना चाहिए। राज्य के बाल निवासगृह भ्रष्टाचार के अड्डे बन गए हैं। तावड़े ने दावा किया कि महिलाओं के खिलाफ आपराधिक मामले बहुत बढ़े हैं। साल 2011 में महिलाओं के खिलाफ अपराध के 1,701 केस दर्ज हुए थे जो 2012 में बढ़कर 1,800 हो गए।
First Published: Saturday, December 14, 2013, 09:46