Last Updated: Saturday, December 28, 2013, 19:50
लखनऊ : अधिकारियों को अपनी भाषा पर नियंत्रण रखने की मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की नसीहत के बाद अब उत्तर प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री शिवपाल सिंह यादव ने अफसरों के ‘लंच कल्चर’ पर सख्त एतराज जताते हुए आज कहा कि अब अधिकारियों को घर जाकर नहीं बल्कि दफ्तर में ही दोपहर का भोजन करना होगा।
यादव ने यहां आयोजित एक कार्यक्रम से इतर संवाददाताओं से कहा, ‘हमने देखा है कि अधिकारी ड्यूटी के दौरान घर जाकर लंच करते हैं। फिर दो-तीन घंटे तक लंच ही होता रहता है। यह लंच वाली प्रथा गलत है। अधिकारी लंच के बहाने दफ्तर से गायब ना हों। अब चाहे मण्डलायुक्त हों, डीएम हो या फिर उपजिलाधिकारी, कोई भी अपने घर जाकर लंच नहीं करेगा। सबको अपना टिफिन दफ्तर में लाना होगा और वहीं बैठकर लंच करना होगा।’
गौरतलब है कि ठंड से कभी किसी की मौत नहीं होने सम्बन्धी प्रमुख सचिव (गृह) अनिल कुमार गुप्ता के विवादास्पद बयान पर मुख्यमंत्री ने कल अधिकारियों को अपनी भाषा पर नियंत्रण रखने की नसीहत दी थी। लोकनिर्माण मंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश में सरकार ने ठंड और भूख से बचने के पर्याप्त इंतजाम किये हैं। अब ठंड और भूख से किसी की मौत नहीं होगी।
आम आदमी पार्टी के नेता अरविन्द केजरीवाल के दिल्ली का मुख्यमंत्री बनने के बारे में यादव ने कहा कि केजरीवाल पर जनता ने भरोसा किया है। वह अवाम से किये गये वादों को पूरा करें नहीं तो जनता ने अच्छे-अच्छों को ठीक कर दिया है। (एजेंसी)
First Published: Saturday, December 28, 2013, 19:50