शिवराज सरकार ने भ्रष्टाचार के कारनामों का रचा इतिहास: कमलनाथ

शिवराज सरकार ने भ्रष्टाचार के कारनामों का रचा इतिहास: कमलनाथ

मंडला (मप्र) : केन्द्रीय शहरी विकास मंत्री कमलनाथ ने मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को ‘घोषणावीर’ बताते हुए आज कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार ने भ्रष्टाचार के कारनामों का इतिहास रच दिया है। कमलनाथ ने आज यहां कांग्रेस की ‘परिवर्तन रैली’ को संबोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री अपने कार्यक्रमों में घोषणायें तो करते हैं, लेकिन उन्हें इस बात से कोई मतलब नहीं होता कि उन घोषणाओं पर अमल हो भी रहा है कि नहीं।

उन्होंने दावा किया कि नौ साल में शिवराज सरकार को केन्द्र सरकार द्वारा अरबों रुपये प्रदेश के विकास के नाम पर दिये गये, लेकिन यह राशि प्रदेश की भ्रष्ट शैली की भेंट चढ गई। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने अपनी ही नेता उमा भारती को भी धोखा दिया और उन्हें उत्तर प्रदेश का वनवास दे दिया।

कांग्रेस महासिचव दिग्विजय सिंह ने मुख्यमंत्री को आडे हाथों लेते हुए कहा कि चौहान जहां जाते हैं, वहां उनकी आलोचना करते हैं। उन्होंने चुनौती दी कि चौहान उनके कार्यकाल और अपने कार्यकाल में किये गये कार्यो के लेकर किसी भी मंच पर उनसे बहस कर सकते हैं।

प्रदेश कांग्रेस चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष एवं केन्द्रीय उर्जा राज्य मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने आरोप लगाया कि केन्द्र सरकार ने प्रदेश के विकास के लिये अरबों रुपये की राशि इस सरकार को उपलब्ध कराई लेकिन भाजपा सरकार ने इसे भ्रष्टाचार की भेंट चढा दी। उन्होंने भाजपा सरकार पर पूर्व प्रधानमंत्री अटलबिहारी वाजपेई के नाम को कलंकित किये जाने का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा सरकार अटल ज्योति अभियान के तहत गांवों में 24 घंटे बिजली प्रदान करने का दावा कर रही है, जबकि आज भी पांच घंटे से ज्यादा बिजली नहीं मिल रही है।

विधानसभा में विपक्ष के नेता अजय सिंह राहुल ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर आकंठ भ्रष्टाचार में डूबने का आरोप लगाते हुए कहा कि इस सरकार ने गरीब बेराजगार युवकों को भी नहीं छोडा और वह व्यावसायिक परीक्षा मंडल के माध्यम से उन्हें लूटने में लगी है। (एजेंसी)

First Published: Saturday, October 5, 2013, 18:46

comments powered by Disqus