विधायक दल का नेता चुने गए शिवराज सिंह चौहान, शनिवार को शपथ लेंगे

विधायक दल का नेता चुने गए शिवराज सिंह चौहान, शनिवार को शपथ लेंगे

विधायक दल का नेता चुने गए शिवराज सिंह चौहान, शनिवार को शपथ लेंगेज़ी मीडिया ब्‍यूरो

भोपाल : मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को शुक्रवार को यहां भारतीय जनता पार्टी विधायक दल का नेता चुन लिया गया। चौहान शनिवार को आयोजित समारोह में शपथ लेंगे।

प्रदेश भाजपा कार्यालय परिसर में आयोजित भाजपा विधायक दल की बैठक में शिवराज सिंह चौहान को विधायक दल का नेता चुना गया। बैठक में लोकसभा में विपक्ष की नेता सुषमा स्वराज तथा पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव प्रताप रुढी केन्द्रीय पर्यवेक्षक के रुप में मौजूद थे।

बैठक में सुषमा स्वराज ने केन्द्रीय पर्यवेक्षक के रुप में विधायकों से विधायक दल के नेता का नाम मांगा। वरिष्ठ भाजपा मंत्री बाबूलाल गौर ने शिवराज सिंह चौहान के नाम का प्रस्ताव पेश किया, जबकि विधायक नरोत्तम मिश्रा, रंजना बघेल, लाल सिंह आर्य एवं दिव्यराज सिंह ने उनके नाम का समर्थन किया और इसके बाद सभी विधायकों ने ताली बजाकर शिवराज के नाम का समर्थन किया।

इस अवसर पर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर, राष्ट्रीय महासचिव एवं प्रदेश संगठन प्रभारी अनंत कुमार, संगठन महामंत्री रामलाल, पूर्व मुख्यमंत्री कैलाश जोशी एवं सुंदरलाल पटवा, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रभात झा सहित सभी नवनिर्वाचित विधायक मौजूद थे।

चौहान शनिवार को जम्बूरी मैदान में आयोजित समारोह में लगातार तीसरी बार प्रदेश के 30वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे। चौहान लगातार तीसरी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने वाले हैं। शपथ ग्रहण समारोह में पार्टी के वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे।

First Published: Friday, December 13, 2013, 19:59

comments powered by Disqus