Last Updated: Sunday, January 19, 2014, 20:11

बलिया : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने रविवार को दावा किया कि लोकसभा चुनाव के बाद सपा की महत्वपूर्ण भूमिका होगी और कहा कि पार्टी चुनाव से पहले कोई राजनैतिक गठबंधन नही करेंगी बल्कि अकेले चुनाव लड़ेगी।
मुख्यमंत्री ने एक कार्यक्रम में भाग लेने के बाद संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि लोकसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी को अन्य सभी दलों से ज्यादा सीटें मिलेगी बल्कि केन्द्र सरकार के गठन में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभायेगी।
एक प्रश्न के उत्तर में उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी सभी विपक्षी दलों से बेहतर स्थिति में है और उसकी टक्कर किसी दल से नहीं बल्कि सभी प्रमुख दल सपा से मुकाबला करेंगे। कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी की नई भूमिका के बारे में पूछे जाने पर अखिलेश ने कहा कि राहुल गांधी को लेकर आकलन किया जाना अभी बहुत जल्दबाजी होगी।
आम आदमी पार्टी के प्रदेश में प्रभाव के बारे में पूछे जाने पर मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में सपा कार्यकर्ता पहले से ही आम आदमी की भूमिका में है। अत: उत्तर प्रदेश में आम आदमी पार्टी का कोई असर नहीं पडेगा यह बात दीगर है कि मीडिया में उसकी भूमिका नजर आए। (एजेंसी)
First Published: Sunday, January 19, 2014, 20:11