बसपा विधायक की पत्नी की सौतेले बेटों ने की हत्या! step sons had murdered BSP MLA`s wife!

बसपा विधायक की पत्नी की सौतेले बेटों ने की हत्या!

बसपा विधायक की पत्नी की सौतेले बेटों ने की हत्या!  ज़ी मीडिया ब्‍यूरो

नई दिल्ली : दिल्ली पुलिस ने उत्तर प्रदेश से बसपा के विधायक हाजी अलीम की पत्नी की यहां हुई हत्या की गुत्थी को सुलझाने का दावा करते हुए कहा कि संपत्ति विवाद के चलते उनके ही दो सौतेले बेटों ने इस वारदात को अंजाम दिया।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकरी ने कहा कि बुलंदशहर के विधायक की पहली पत्नी से हुए दो बेटों दानिश और अनस ने अपने ड्राइवर मोहम्मद नदीम के साथ मिल कर अपनी सौतेली मां 40 वर्षीय रेहाना की कथित तौर पर हत्या की। पुलिस ने दावा किया कि नदीम (30) को यहां सीमापुरी बार्डर के शहीद नगर से गिरफ्तार किया गया, जबकि उनके दो सौतेले बेटे पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं।

उन्होंने कहा कि रेहाना की हत्या संपत्ति विवाद को लेकर की गई। उन्होंने दावा किया कि उनके दोनों सौतेले बेटों की गिरफ्तारी अभी बाकी है। अलीम की दूसरी पत्नी रेहाना पूर्वोत्तर दिल्ली में न्यू जफराबाद स्थित अपने आवास पर नौ अक्तूबर की सुबह मृत पाई गई थी। अलीम उस वक्त हज यात्रा पर भारत से बाहर गए हुए थे। अधिकारी ने बताया कि अलीम अगले दिन लौटे और रेहाना के अंतिम संस्कार के दौरान बुलंदशहर में थे।

पुलिस के मुताबिक, इस हत्या की गुत्थी सुलझाने में उन्हें यह सफलता नदीम की गिरफ्तारी के बाद मिली, जिसने पूछताछ के दौरान इस नृशंस हत्या की साजिश का खुलासा किया था और विधायक के दोनों बेटों का नाम लिया था।’’ पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पीड़िता के शरीर पर 11 बार छुरा से वार के अतिरिक्त दो गोलियों के निशान पाए गए थे। रेहाना की अलीम से 1990 में शादी हुई थी। दंपति को कोई संतान नहीं है। अलीम के खिलाफ 28 मामले लंबित हैं, जबकि उनके भाई 16 मामलों में नामजद हैं।

First Published: Monday, October 14, 2013, 11:27

comments powered by Disqus