Last Updated: Friday, May 9, 2014, 10:01
नई दिल्ली : राष्ट्रीय राजधानी में गुरुवार शाम करीब 100 किलोमीटर प्रति घंटा की तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश ने मौसम को खुशनुमा बना दिया और तापमान 14.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।
मौसम विभाग के अनुसार शाम साढे पांच बजे से रात साढ़े आठ बजे के बीच 4.8 मिमी बारिश दर्ज की गयी। हवाओं की गति 100 किलोमीटर प्रति घंटा तक दर्ज की गई। दिन में गुरुवार को अधिकतम तापमान 39.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हालांकि बारिश के बाद साढ़े आठ बजे तापमान 25 डिग्री सेल्सियस हो गया।
मौसम विभाग ने बताया कि यह सामान्य बारिश है और मई में गरज के साथ छींटे सामान्य बात है। शाम में हुई हल्की बारिश के पहले नगरवासियों को खासी गर्मी का सामना करना पड़ा। लेकिन शाम में मौसम सुहावना हो गया। लेकिन कई सड़कों पर ट्रैफिक जाम की स्थिति बन गई। कई पेड़ों के उखड़ जाने से भी यातायात सेवाएं प्रभावित हुईं।
मौसम विभाग ने अपने पूर्वानुमान में शुक्रवार को आसमान साफ रहने की संभावना व्यक्त की है। अधिकतम तापमान करीब 40 डिग्री और न्यूनतम तापमान करीब 26 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। (एजेंसी)
First Published: Friday, May 9, 2014, 10:01