Last Updated: Sunday, March 23, 2014, 15:10
ठाणे : यहां के भिवंडी शहर में चकला घर चलाने वाली एक महिला सहित तीन लोगों ने मिल कर कथित तौर पर देह व्यापार से इनकार करने पर 24 वर्षीय एक महिला के स्तनों को काट दिया। पुलिस ने आज बताया कि चकलाघर चलाने वाली 34 वर्षीय रूबी को शनिवार को गिरफ्तार कर लिया गया जबकि 19 मार्च को हुए इस अपराध में शामिल रहे आलम और अफराज नामक दो व्यक्ति अभी भी फरार है।
कुमभरावाडा-भिवंडी शहर थाना के पुलिस इंस्पेक्टर राजन सास्ते ने बताया कि पीड़ित को गुजरात से तस्करी कर हथकरघा शहर (भिवंडी) लाया गया और उसे एक चकलाघर में बेच दिया गया और देह व्यापार करने के लिए मजबूर किया गया। उन्होंने बताया कि जब उसने चकला घर की मालकिन के आदेश को मानने से इनकार कर दिया तब उसके स्तनों को काट दिया गया। उन्होंने बताया कि महिला को यातना दी गयी और आरोपियों ने उसके कई दांत तोड़ दिये।
बाद में उसे कुछ लोगों ने बचाया और उसे भिवंडी के आईजीएम अस्पताल ले जाया गया लेकिन बाद में उसे ठाणे डिस्ट्रिक सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने बताया कि मानसिक आघात और यातना के कारण महिला बोलने की स्थिति में नहीं है। इस संबंध में विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। चकलाघर की मालकिन को स्थानीय मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया जिन्होंने उसे 25 मार्च तक पुलिस हिरासत में भेज दिया। इस मामले में आगे की जांच जारी है। (एजेंसी)
First Published: Sunday, March 23, 2014, 15:10