आंध्र में मुठभेड़ के बाद 2 संदिग्ध आतंकवादी गिरफ्तार

आंध्र में मुठभेड़ के बाद 2 संदिग्ध आतंकवादी गिरफ्तार

आंध्र में मुठभेड़ के बाद 2 संदिग्ध आतंकवादी गिरफ्तार हैदराबाद/चेन्नई : आंध्र प्रदेश के चित्तूर जिले में एक घर में छिपे दो आतंकवादियों को शनिवार को तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश पुलिस ने 10 घंटे चली संयुक्त कार्रवाई के बाद गिरफ्तार कर लिया। आंध्र प्रदेश पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार किए गए दोनों संदिग्ध, आतंकवादी संगठन, अल-उम्मा के सदस्य हैं।

तमिलनाडु के पुलिस महानिदेशक के.रामानुजम ने बताया, "पन्ना इस्माइल और बिलाल मलिक को आंध्र प्रदेश के चित्तूर जिले के पुत्तूर से 10 घंटे की मशक्कत के बाद गिरफ्तार कर लिया गया।"

उन्होंने कहा कि मलिक की पत्नी और उसके तीन बच्चे सुरक्षित बाहर निकल आए।

रामानुजम के अनुसार तमिलनाडु का एक पुलिस इंस्पेक्टर शनिवार सुबह मुठभेड़ शुरू होने पर घायल हो गया।

आंध्र प्रदेश के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक वी.एस.के.कौमुदी ने हैदराबाद में पत्रकारों को बताया कि आतंकवादियों के साथ तीन बच्चे और एक महिला भी थी। उन्होंने कहा कि घायल पुलिसकर्मी को चेन्नई ले जाया गया है।

आतंकवादियों ने एक घर में खुद को बंद करने से पहले पुलिस पर हमला किया। पुत्तूर तिरुपति से केवल 30 किलोमीटर दूर है।

रामानुजम ने कहा कि पुलिस ने आत्मरक्षा में गोली चलाई और इस इस्माइल घायल हो गया। उसे एक स्थानीय अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। आत्मसमर्पण करने वाले मलिक को चेन्नई ले जाया गया है।

पुत्तूर के निवासियों के मुताबिक, इन लोगों ने एक महीने पहले किराए पर यह मकान लिया था।

आंध्र प्रदेश पुलिस के आतंकवाद निरोधी दस्ते के कमांडो ने उस मकान को घेर लिया था, जहां आतंकवादी छिपे हुए थे। पुलिस ने प्रतिरोध कर रहे आतंकवादियों को बाहर निकालने के लिए आंसू गैस के गोले दागे। अंतत: उन्होंने समर्पण कर दिया।

तमिलनाडु पुलिस शुक्रवार को ही एक खुफिया सूचना के आधार पर कस्बे में तलाशी अभियान चलाने आ गई थी। उसने एक रिवाल्वर और दो बम एक घर से बरामद किए लेकिन आतंकवादियों ने पुलिस पर दूसरे घर से गोली चलाई।

सलेम में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता वी.रमेश और तमिलनाडु में अन्य नेताओं की हत्या के मामले में चल रही जांच के दौरान आतंकवादियों के छिपे होने की जानकारी मिली।

इधर, तमिलनाडु पुलिस ने शुक्रवार को फकरुद्दीन को गिरफ्तार किया, जो भाजपा नेता एल.के.आडवाणी के मदुरई दौरे के वक्त कथित रूप से बम लगाने के मामले में वांछित है। (एजेंसी)

First Published: Saturday, October 5, 2013, 20:26

comments powered by Disqus