Last Updated: Monday, February 10, 2014, 20:53
नई दिल्ली : देश के पूर्वोत्तर हिस्से के दो युवकों को रविवार देर रात बुरी तरह पीटे जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। यह घटना अरुणाचल प्रदेश के छात्र नीडो तानिया की मौत के कुछ दिनों बाद सामने आई है, जिसे तानिया के दोस्त नस्लवादी हमला बताते हैं।
दक्षिणी दिल्ली के अंबेडकर नगर इलाके में रविवार रात लगभग 8.30 बजे दो मणिपुरी युवकों को मोटरसाइकिल सवारों के एक समूह ने बुरी तरह पीटा। पीड़ित युवकों में से एक की हालत चिंताजनक बताई जा रही है। पुलिस ने बताया कि घायल युवक को उपचार के लिए अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में भर्ती कराया गया है।
गिनखनसुअन नौलक (24) और उसके चचेरे भाई वुमसुअनमुंग नौलक (25) अंबेडकर नगर बाजार में थे, जब हमलावरों ने उन्हें घेरकर लाठियों से पीटना शुरू कर दिया। गिनखनसुअन नौलक एक निजी कंपनी में काम करता है। उसने पुलिस को बताया कि हमलावरों ने उनके साथ लूटपाट नहीं की। वह हमलावरों को नहीं जानता था। एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि हो सकता है कि पहचान की गलतफहमी की वजह से उन युवकों पर यह हमला हुआ हो। लेकिन वे डरे हुए हैं और सदमे में हैं। पुलिस आयुक्त बी. एस. बस्सी ने कहा कि मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच की जा रही है।
बीती 29 जनवरी को दिल्ली के लाजपत नगर इलाके में इसी तरह कुछ दुकानदारों ने अरुणाचल प्रदेश के नीडो तानिया की बेरहमी से पिटाई की थी, बाद में उसकी मौत हो गई। उसके दोस्तों का कहना है कि कुछ लोगों ने तानिया के रंगे हुए बालों वाली स्टाइल का मजाक उड़ाते हुए उस पर नस्लीय टिप्पणी की थी, जिसके बाद तानिया का उनके साथ झगड़ा हुआ था। (एजेंसी)
First Published: Monday, February 10, 2014, 20:53