यूपी: विहिप की संकल्प सभा नहीं हो पाई, 1600 गिरफ्तार । UP: VHP`s sankalp sabha didn`t take place, 1600 arrested

यूपी: विहिप की संकल्प सभा नहीं हो पाई, 1600 गिरफ्तार

यूपी: विहिप की संकल्प सभा नहीं हो पाई, 1600 गिरफ्तारलखनऊ : उत्तर प्रदेश शासन ने विश्व हिन्दू परिषद (विहिप) के ‘संकल्प दिवस’ पर लगे प्रतिबंध को सख्ती से लागू करते हुए अयोध्या में आज के लिए प्रस्तावित उसकी संकल्प सभा नहीं होने दी और वहां जाने का प्रयास कर रहे भाजपा सांसद योगी आदित्यनाथ और विहिप के कई नेता सहित 1600 लोगों को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस महानिरीक्षक (कानून एवं व्यवस्था) राजकुमार विश्वकर्मा ने बताया कि गुरुवार शाम से ही अयोध्या की सीमा सील कर दी गयी थी और आज होने वाले इस कार्यक्रम में जा रहे लगभग 1600 विहिप और भाजपा नेताओं एवं कार्यकर्ताओं को प्रदेश के विभिन्न स्थानों पर गिरफ्तार कर लिया गया, जिनमें 300 से अधिक गिरफ्तारियां अयोध्या में हुई।

उन्होंने बताया कि प्रतिबंध के मद्देनजर एहतियात के तौर पर कल शाम से ही अयोध्या की सीमा सील कर दी गयी थी, इसके बावजूद वहां शरद पूर्णिमा के मौके पर लगभग दस हजार लोगों ने सरयू में स्नान किया। विश्वकर्मा ने बताया कि अयोध्या में पूरे दिन शांति रही और देर शाम नगर की सीमा आम दिनों की तरह यातायात के लिए खोल दी गयीं।

विश्वकर्मा ने बताया कि आज जिन लोगों को गिरफ्तार किया गया उनमें गोरखपुर से भाजपा सांसद योगी आदित्यनाथ तथा पूर्व सांसद सत्यदेव सिंह की गिरफ्तारी प्रमुख है। वे दिल्ली से गोण्डा पहुंचकर अपने समर्थकों के साथ अयोध्या जाना चाहते थे। उन्हें गोंडा में गिरफ्तार कर लिया गया। उन्होंने बताया कि विहिप के राष्ट्रीय महासचिव चम्पतराय को अयोध्या में कारसेवकपुरम के बाहर 250 लोगों के साथ और महंत रमेशदास, भाजपा विधायक रामचन्द्र यादव सहित 60 लोगों को हनुमान गढी के पास गिरफ्तार किया गया।

विश्वकर्मा ने बताया कि संकल्प दिवस के लिये त्रिस्तरीय निरोधक बंदोबस्त किये गये थे, जिसके तहत सरयू पुल, फैजाबाद जिले तथा अयोध्या में बैरियर लगाये गये थे और सुरक्षा के लिये पीएसी तथा रैपिड एक्शन फोर्स और पुलिस के दो हजार जवानों की तैनाती की गयी थी। उल्लेखनीय है कि विहिप ने अयोध्या में राममंदिर का निर्माण करने के लिए सोमनाथ मंदिर की तर्ज पर कानून बनाये जाने की मांग पर बल देने के लिए आज संकल्प दिवस मनाने की घोषणा की थी और अयोध्या में एक संकल्प सभा के आयोजन की योजना बनायी थी, जिस पर सरकार ने कानून एवं व्यवस्था बिगडने की आशंका के म्रददेनजर प्रतिबंध लगा दिया था। (एजेंसी)

First Published: Friday, October 18, 2013, 20:59

comments powered by Disqus