अयोध्या में विहिप नेता चंपत राय सहित कई गिरफ्तार । VHP leader champat rai Including others arrested in Ayodhya

अयोध्या में विहिप नेता चंपत राय सहित कई गिरफ्तार

लखनऊ/अयोध्या : विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के सैकड़ों कार्यकर्ताओं और प्रशासन के बीच `चूहे-बिल्ली का खेल` शुक्रवार को दिनभर चलता रहा। विहिप के नेता जहां संकल्प दिवस पूरा होने का दावा कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर प्रशासन का कहना है कि विहिप को उसके मकसद में कामयाब नहीं होने दिया गया।

पुलिस ने विहिप के नेता चंपत राय और भाजपा सांसद योगी आदित्यनाथ सहित कई नेताओं को गिरफ्तार कर लिया। विहिप कार्यकर्ताओं का दावा है कि उन्होंने पुलिस को चकमा देते हुए अयोध्या के दिगंबर अखाड़े में शुक्रवार को तय समय पर संकल्प सभा की। महंत सुरेश दास और विहिप नेता पंकज ने उन्हें राम मंदिर निर्माण का संकल्प दिलाया। बाद में जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक की उपस्थिति में उन सभी को गिरफ्तार कर पुलिस लाइन भेज दिया गया।

जिलाधिकारी विपिन कुमार द्विवेदी ने बताया कि संकल्प सभा नहीं हो पाई। यदि कोई अपने निजी स्थान पर कुछ कर रहा हो, तो प्रशासन उससे इत्तेफाक नहीं रखता। भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष आशुतोष राय के नेतृत्व में लगभग सौ कार्यकर्ताओं ने हनुमानगढ़ी में गिरफ्तारी दी। इस बीच विहिप की संकल्प सभा के मद्देनजर पुलिस ने भाजपा सांसद योगी आदित्यनाथ को भी गिरफ्तार कर लिया। उन्हें गोंडा के रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार कर सिंचाई विभाग के डाक बंगले में रखा गया है। आदित्यनाथ भी संकल्प सभा में हिस्सा लेने जा रहे थे।

पुलिस ने अब तक पूरे प्रदेश से सैकड़ों विहिप व अन्य हिंदू संगठनों के सैकड़ों लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। गिरफ्तारी का सिलसिला जारी है। एसपी सिटी एस.आर. गौतम ने बताया कि विहिप के अंतर्राष्ट्रीय महामंत्री चंपत राय को हनुमानगढ़ी में पकड़ लिया गया। कुछ लोगों का कहना था कि पुलिस ने चंपत राय के साथ मारपीट भी की, लेकिन राय ने खुद इस बात से इनकार किया है।

भाजपा विधायक रामचंद्र यादव को उस समय गिरफ्तार किया गया जब वह रामबल्लभ कुंज के महंत राजकुमार दास के साथ डंडैया मंदिर से अपने समर्थकों के साथ नारे लगाते हुए निकल रहे थे। इधर, विहिप अब अपनी अगली रणनीति दिल्ली में तय करेगी। इसके लिए 19 और 20 अक्टूबर को वहां करीब सात सौ संतों का जमावड़ा होने जा रहा है। इस महत्वपूर्ण बैठक में विहिप के अंतर्राष्ट्रीय संरक्षक अशोक सिंहल और कार्यकारी अध्यक्ष प्रवीण तोगड़िया सहित कई नेता भाग लेंगे।

संकल्प सभा के मद्देनजर अयोध्या में पुलिस हिरासत में लिए गए विहिप के अंतर्राष्ट्रीय महामंत्री चंपत राय ने बताया कि विहिप के कार्यक्रम का पहला चरण जो चैरासी कोसी परिक्रमा से शुरू हुआ था, वह पंच कोसी परिक्रमा और आज संकल्प सभा के माध्यम से पूरा हो गया। चंपत राय ने कहा कि अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के लिए अब अगले चरण की रणनीति दिल्ली में 19 व 20 अक्टूबर को बुलाई गई बैठक में तय की जाएगी।

इससे पूर्व शुक्रवार सुबह से ही अयोध्या को छावनी में तब्दील कर दिया गया है। फैजाबाद की सीमा भी सील कर दी गई है। चार पहिया वाहनों को भी जाने की छूट नहीं है। फैजाबाद जिले की सीमा पर 13 और उत्तर प्रदेश की सीमा पर 31 बैरियर लगा दिए गए हैं। रात भर चली छापेमारी के दौरान पूर्वमंत्री लल्लू सिंह, विहिप के प्रांतीय प्रवक्ता शरद शर्मा सहित भाजपा-संघ, विहिप व राममंदिर न्यास से जुड़े कई पदाधिकारियों को कल ही गिरफ्तार कर लिया गया था। पुलिस ने लखनऊ, मुगलसराय और अंबेडकरनगर सहितत कई रेलवे स्टेशनों से सैकड़ों विहिप कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया है।

राम मंदिर आंदोलन से जुड़े महंत नृत्यगोपाल दास, पूर्व सांसद डॉ. रामविलास वेदांती, महंत सियाकिशोरी शरण, महंत सुरेश दास, बृजमोहन दास, मनमोहन दास, अभिषेक मिश्रा आदि को घर में ही नजरबंद कर दिया गया है। संकल्प सभा के मद्देनजर होने वाली गिरफ्तारियों के लिए प्रशासन ने जिले में 11 जगहों पर अस्थायी जेलें बनाई हैं। (एजेंसी)

First Published: Friday, October 18, 2013, 18:37

comments powered by Disqus