दिल्ली को जीतना सपा के लिए है चुनौती : मुलायम

दिल्ली को जीतना सपा के लिए है चुनौती : मुलायम

लखनऊ : समाजवादी पार्टी (सपा) प्रमुख मुलायम सिंह यादव ने आज कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव जीतना उनकी पार्टी के लिये चुनौती है और इन चुनाव में उत्तर प्रदेश का जनादेश राष्ट्रीय राजनीति को दिशा देगा।

‘छोटे लोहिया’ के नाम से मशहूर रहे सपा नेता जनेश्वर मिश्र की पुण्यतिथि पर आयोजित कार्यक्रम में यादव ने कहा, ‘दिल्ली को जीतना आज समाजवादियों के लिये चुनौती है और यही जनेश्वर जी के लिये हमारी सच्ची श्रद्धांजलि होगी।’ उन्होंने कहा कि जनेश्वर मिश्र हमेशा उंगली उठाकर दिल्ली की ओर इशारा करते थे। वह चाहते थे कि सरकारें आदर्श बनें। समाजवादी लोग समाज की बुराइयों को दूर करें और अन्याय का विरोध करने में पीछे ना रहें।

सपा प्रमुख ने कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश की जनता का फैसला ही देश का फैसला होगा। प्रदेश की सपा सरकार को फैसले करते वक्त यह सोचना चाहिये कि उनके निर्णय का किसानों और गरीबों पर क्या असर पड़ेगा। यादव ने कार्यकर्ताओं को नसीहत दी कि वे सत्ता मद में चूर ना हो। विनम्र रहे और घमंड से बचें।

मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने इस मौके पर कहा कि सभी की नजरें उत्तर प्रदेश की राजनीति और सरकार पर हैं। कई दलों के माध्यम से मीडिया इसलिये उनके खिलाफ दुष्प्रचार कर रहा है क्योंकि सपा की असाधारण उपलब्धियों का सामना दूसरे दलों की सरकारें नहीं कर पा रही हैं। (एजेंसी)

First Published: Wednesday, January 22, 2014, 22:30

comments powered by Disqus