पानी संकट : महिला ने आप विधायक को मारा थप्पड़

पानी संकट : महिला ने आप विधायक को मारा थप्पड़

ज़ी मीडिया ब्यूरो

नई दिल्ली : नेताओं के लिए रविवार का दिन थप्पड़ खाने वाला साबित हुआ। एक तरफ पानीपत में हरियाणा के मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा को एक युवक ने थप्पड़ मारा तो दिल्ली के संगम विहार में एक महिला ने आम आदमी पार्टी के विधायक दिनेश मोहनिया को तमाचा जड़ दिया।

खबरिया चैनलों की खबरों के मुताबिक दिल्ली के संगम विहार में रविवार शाम पानी को लेकर धरना दे रही एक महिला ने आम आदमी पार्टी के विधायक दिनेश मोहनिया की पिटाई कर दी। पानी के मुद्दे को लेकर हुई बहसबाजी के दौरान महिला ने मोहनिया को थप्पड़ जड़ दिया। मोहनिया ने कहा कि यह बस पानी माफिया के इशारे पर किया गया है। दोनों पक्षों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।

जानकारी के मुताबिक संगम विहार में काफी समय से पानी की समस्या है। इसको लेकर कुछ महिलाएं धरने पर बैठी हुई थीं। रविवार शाम को आम आदमी पार्टी के स्थानीय विधायक दिनेश मोहनिया धरने पर बैठीं महिलाओं से मिलने गए। इसी दौरान उनकी पानी की किल्लत को लेकर गुस्साई महिलाओं से बहस हो गई। इस बहस के दौरान एक महिला ने मोहनिया को थप्पड़ जड़ दिया। विधायक को अचानक पड़े थप्पड़ से अफरातफरी मच गई। इस घटना के बाद मोहनिया वहां से खुद को बचाकर निकल गए।

First Published: Monday, February 3, 2014, 00:36

comments powered by Disqus