Last Updated: Wednesday, June 4, 2014, 16:44
हजारीबाग : बिजली संकट को लेकर भाजपा का प्रदर्शन आज तीसरे दिन भी जारी रहा। वहीं बिजली बोर्ड के अधिकारी पर कथित हमले के सिलसिले में गिरफ्तार भाजपा के वरिष्ठ नेता यशवंत सिन्हा और अन्य नेताओं ने आज भी जमानत के लिए आवदेन नहीं किया। वे अभी न्यायिक हिरासत में हैं।
पुलिस ने बताया कि झारखंड विद्युत बोर्ड (जेएसईबी) की हजारीबाग शाखा के परिसर में उपद्रव जारी है और भाजपा कार्यकताओं ने आज सुबह कार्यालय को ताला जड़ दिया और अधिकारियों तथा कर्मचारियों को उनकी ड्यूटी का निर्वाह करने के लिए अंदर नहीं जाने दिया। उन्होंने बताया कि हजारीबाग (सदर) के प्रखंड विकास अधिकारी (ब्लॉक डेवलपमेंट अधिकारी) प्यारेलाल की मौजूदगी में पुलिस ने ताला तोड़ा।
उन्होंने बताया कि पार्टी कार्यकर्ताओं के एक अन्य समूह ने जिला परिषद् रोड और बरही रोड को अवरूद्ध किया। इस वजह से राष्ट्रीय राजमार्ग-2 और राष्ट्रीय राजमार्ग-3 पर करीब एक घंटे तक यातायात अवरूद्ध रहा।
एक भाजपा कार्यकर्ता ने कहा, ‘हम आंदोलन को तब तक जारी रखेंगे जब तक हमारी मांगे नहीं मान ली जातीं।’ इस बीच, जेएसईबी के हजारीबाग इकाई के महाप्रबंधक धानेश झा पर कथित हमले के आरोप में गिरफ्तारी और न्यायिक हिरासत में भेजने के बाद भी पूर्व विदेश मंत्री यशवंत सिन्हा और उनके समर्थकों ने जमानत के लिए आवेदन नहीं किया।
झा ने सिन्हा और अन्य के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है कि प्रदर्शन के दौरान भाजपा की जिला इकाई ने उन्हें बांध कर रखा था। सिन्हा और अन्य द्वारा जमानत लेने से मना करने पर प्रमुख न्यायिक मजिस्ट्रेट आरबी पाल ने कल उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया था। (एजेंसी)
First Published: Wednesday, June 4, 2014, 16:44