बगदाद में शिया समुदाय के लोगों पर हमला, 17 की मौत

बगदाद में शिया समुदाय के लोगों पर हमला, 17 की मौत

बगदाद : इराक की राजधानी बगदाद और उत्तर इराक में आज हुई हिंसा में 17 लोग मारे गए। यह हिंसा तब हुई जब बगदाद में भारी सुरक्षा इंतजाम के बीच शिया समुदाय की एक प्रमुख हस्ती को श्रद्धांजलि देने के लिए हजारों शिया धर्मावलंबी जुटे थे। सुरक्षा और स्वास्थ्य अधिकारियों ने बताया कि आज की हिंसा राजधानी बगदाद और उत्तरी प्रांत निनेवेह में फैली जिसमें 17 लोगों की मौत हो गयी और 25 अन्य घायल हो गये।

उत्तरी बगदाद में मोर्टार के हमले में तीन लोग मारे गये वहीं राजधानी के पश्चिमी हिस्से में दो और लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी गई। कधीमिया से लगे जाहरा क्षेत्र में अनेक मोर्टार दागे गये जहां शिया समुदाय की एक जानीमानी शख्सियत को श्रद्धांजलि देने के लिए हजारों शिया धर्मावलंबी एकत्रित हुए थे।

सुन्नी उग्रवादी अकसर शिया धर्मावलंबियों पर निशाना साधते हैं और उन्हें धर्मविरोधी मानते हैं। पिछले कुछ सालों में इमाम मूसा खादिम के श्रद्धांजलि समारोहों में कई बार हमले किये गये।
(एजेंसी)

First Published: Saturday, May 24, 2014, 11:23

comments powered by Disqus