भारत-पाकिस्तान को नजदीक ला रही है पर्दे के पीछे की कूटनीति : अजीज

भारत-पाकिस्तान को नजदीक ला रही है पर्दे के पीछे की कूटनीति : अजीज

भारत-पाकिस्तान को नजदीक ला रही है पर्दे के पीछे की कूटनीति : अजीजइस्लामाबाद : विदेशी मामलों पर पाकिस्तानी प्रधानमंत्री के सलाहकार सरताज अजीज ने कहा है कि भारत और पाकिस्तान के रिश्ते ‘बहुत सुधरे’ हैं और पर्दे के पीछे की कूटनीति उनको करीब लाने में मदद कर रही है।

दैनिक ‘द न्यूज’ की एक रिपोर्ट के अनुसार अजीज ने कहा कि परस्पर विश्वास निर्माण के उपायों के अतिरिक्त ‘दोनों पड़ोसियों को करीब लाने के लिए पर्दे के पीछे कूटनीति का चैनल चल रहा है।’ उन्होंने यह भी कहा कि ‘रिश्तों में और गिरावट नहीं आई और चीजें बहुत बदली हैं।’ अजीज ने यह टिप्पणी पाकिस्तानी संसद के उपरी सदन ‘सीनेट’ में कल एक चर्चा के दौरान की।

उनकी यह टिप्पणी नियंत्रण रेखा पर संघर्षविराम के उल्लंघन और गोलीबारी की घटनाओं में गिरावट की पृष्ठभूमि में आई है। अजीज ने तालिबान के साथ प्रस्तावित वार्ता की चर्चा करते हुए कहा कि सरकार वार्ता के विकल्प को शीष प्राथमिकता के साथ ले रही है। अगर यह नाकाम रही, तो अन्य विकल्प भी हैं जिन्हें आखिरी उपाय के रूप में इस्तेमाल किए जाएंगे।

अजीज ने कहा कि पहली बार असैनिक और सैनिक नेतृत्व ने सभी साझेदारों को एक साथ ले कर आम सहमति बनाने की कोशिश की है। उन्होंने विदेश नीति की चर्चा करते हुए कहा कि पाकिस्तान के लिए सामरिक गहराई वाले क्षेत्र के रूप में अफगानिस्तान की अवधारणा ‘पूरी तरह पुरानी पड़ चुकी है और उसपर कोई ध्यान देने की जरूरत नहीं है।’

अजीज ने कहा कि सामरिक गहराई की अवधारणा का कोई महत्व नहीं है और अफगानिस्तान अपने राजनीतिक भविष्य के बारे में खुद से फैसला करने के लिए स्वतंत्र है। दोहा में अफगान तालिबान के साथ वार्ता में पाकिस्तान की भूमिका का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि उनका देश इसमें सिर्फ मददगार था और तालिबान की ओर से कुछ शर्तें रख देने से ऐसा लगता है कि प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ेंगी क्योंकि ये शर्ते स्वीकार्य नहीं हैं। (एजेंसी)

First Published: Thursday, December 19, 2013, 17:49

comments powered by Disqus