Last Updated: Saturday, April 26, 2014, 15:48

वाशिंगटन : भारतीय संस्कृति द्वारा अमेरिका ही नहीं दुनिया की मशहूर संस्कृति को प्रभावित करने का उल्लेख करते हुए ओबामा प्रशासन में दक्षिण और मध्य एशिया के लिए नियुक्त महत्वपूर्ण शख्स निशा देसाई बिस्वाल का कहना है कि यह भारत का विचार है जो दुनिया भर के लोगों को अपील करता है।
तंपा में इस सप्ताहांत आईफा अवार्ड समारोह से इतर फिक्की-आईफा ग्लोबल बिजनेस फोरम में दक्षिण और मध्य एशिया के लिए उप विदेश मंत्री ने अपने बयान में कहा, ‘‘भारतीय संस्कृति अमेरिका ही नहीं दुनिया भर में लोकप्रिय संस्कृति को प्रभावित कर रही है।’’ श्रोताओं से दूसरे देशों में भारतीय संस्कृति का असर बढने के अनुभवों को साझा करते हुए बिस्वाल ने करीब दो दशक पहले का वाकया याद किया जब वह जार्जिया के तिबिलसी में रेडक्रास की स्वयंसेवक थी और स्थानीय सिनेमाघर में रूसी में डब, अमिताभ बच्चन अभिनीत ‘शोले’ फिल्म देखने गयी थी।
उन्होंने कहा, ‘‘हिंदी सिनेमा के कुछ ऐतिहासिक डॉयलाग को रूसी भाषा में सुनना शानदार था..और मैं वह समय कभी नहीं भूलूंगी जब छोटे पहाड़ी शहर कुटैशी में थी और मुझसे लोकगीत गाने को कहा गया। मैं गाने लगी ‘मेरा जूता है जापानी’ और मेरे साथ वहां कमरे में मौजूद जार्जिया के सभी लोग गाने लगे।’’
बिस्वाल ने कहा कि हर दिन जातीय, भाषायी और सांस्कृतिक आधार अस्पष्ट या धुंधला रहा है क्योंकि काबुल से किंशाशा, मास्को से मुंबई, तंपा से त्रिवेंद्रम हम सभी भारत के लोकप्रिय संस्कृति से प्रभावित हुए हैं। लेकिन, यह सिर्फ पॉप कल्चर नहीं है। यह भारत का विचार है जो दुनिया भर में अपनी ऐसी खास अपील रखता है। ओबामा प्रशासन की शीर्ष अधिकारी ने कहा कि अमेरिका-भारत आर्थिक संबंध जहां विस्तारित और प्रगाढ हुआ है वहीं दोनों अर्थव्यवस्था एक दूसरे से जुड़ी और आश्रित हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘हम सचमुच में एक ग्लोबलाइज्ड वर्ल्ड में रहते हैं जहां तकनीक और व्यापार ने और यहां तक की सिनेमा भी एक दूसरे को समीप लाया है। तकनीक की बढती रफ्तार से हमारी जिंदगी के कई पहलुओं में बदलाव आया है..इसे बेहतर बनाया है इसके बावजूद दुनिया भर में सबसे जटिल चीजों में गरीबी और जलवायु परिवर्तन जैसे असल मुद्दे भी हैं।’’ बिस्वाल ने कहा कि भारत समूचे सरकार, सिविल सोसाइटी और कारेबार में महिलाओं के नेतृत्व का समर्थन करता है पर प्रगति और विकास में भारत में कई तरह से महिला और लड़कियों की क्षमताओं का पूरा इस्तेमाल अभी होना बाकी है। (एजेंसी)
First Published: Saturday, April 26, 2014, 15:48