Last Updated: Saturday, November 2, 2013, 15:59
कोलंबो : श्रीलंका के उत्तरी प्रांत के मुख्यमंत्री सी वी विगनेश्वरन ने देश के प्रांतीय परिषद के चुनावों में मदद करने के लिए भारत की प्रशंसा की है।
नवनियुक्त मुख्यमंत्री विगनेश्वरन ने कल यूरोपीय संघ के एक प्रतिनिधिमंडल से मिलने के बाद संवाददाताओं से कहा, ‘‘ युद्ध के 30 वर्ष और शांति के चार वर्ष बाद हम उत्तर के लिए चुनाव कराने में सक्षम हुए। भारत का चुनावों में मदद करना महत्वपूर्ण था।’’
73 वर्षीय विगनेश्वरन ने उनके देश में चुनाव संपन्न कराने के लिए भारत की मदद के बारे में जानकारी दी। उन्होंने लिट्टे के पूर्व गढ और तमिल बहुल उत्तर के दौरे के लिए प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को निमंत्रण देने के बारे में भी बताया।
यह पूछे जाने पर कि क्या उनका जाफना निमंत्रण यहां इस महीने होने वाले राष्ट्रमंडल सम्मेलन में भाग लेने के लिए सिंह को अप्रत्यक्ष रूप से आमंत्रित करना है, विगनेश्वरन ने नहीं में जवाब दिया।
उन्होंने कहा कि उन्हें विदेश मामलों के मंत्री सलमान खुर्शीद ने नयी दिल्ली आने का निमंत्रण दिया था।
विगनेश्वरन ने कहा, ‘‘मैंने आभार प्रकट करने के लिए प्रधानमंत्री को आमंत्रित किया था।’’ राष्ट्रमंडल देशों के राष्ट्राध्यक्षों की बैठक में भाग लेने के संबंध में सिंह के निर्णय का उत्सुकता से इंतजार किया जा रहा है जबकि आलोचकों का तर्क है कि बैठक से दूर रहने का कोई निर्णय श्रीलंका में तमिल अलगाववाद को प्रोत्साहित करेगा। (एजेंसी)
First Published: Saturday, November 2, 2013, 15:59